पांवटा साहिब (सिरमौर)। देवीनगर में चोरों ने दो घरों के ताले तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। सेना में कार्यरत जवानों के घर में चोरी हुई है। परिजनों ने थाने में शिकायत दर्ज करवा दी है। पांवटा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पांवटा के देवीनगर क्षेत्र निवासी सेना में तैनात गजेंद्र सिंह व राजेंद्र सिंह के घर में चोरों ने सेंध लगाई है। इनके रिहायशी मकान के 3 ताले तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। घर से काफी सामान चोरी हुआ है। मनमोहन राणा का कहना है कि गजेंद्र व राजेंद्र सेना में तैनात हैं। परिवार 31 अक्तूबर से 2 नवबंर तक कहीं बाहर गए थे। इस दौरान घरों में कोई नहीं था। सेना में तैनात जवानों के पिता आईएस राणा देर शाम घर पहुंचे तो घर में दरवाजों के ताले टूटे हुए थे और सामान भी बिखरा पड़ा था। इसकी शिकायत पांवटा पुलिस थाना में कर दी गई है। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंच कर तफ्तीश शुरू कर दी है। घर से कितना सामान, गहने व नकदी चोरी हुई है, फिलहाल इसका पता नहीं चल सका है। उधर, डीएसपी पांवटा प्रमोद चौहान ने शिकायत मिलने की पुष्टि की है।