पांवटा साहिब (सिरमौर)। गिरिपार क्षेत्र की कमरऊ पंचायत की एक छात्रा ने गलती से कोई विषाक्त पदार्थ खा लिया। स्कूल पहुंचने पर छात्रा की तबीयत बिगड़ने लगी। इसके बाद छात्रा को 108 एंबुलेंस में सिविल अस्पताल पांवटा पहुंचाया गया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे मेडिकल कॉलेज नाहन रेफर कर दिया है।
जानकारी के अनुसार कमरऊ पंचायत की एक छात्रा ने गलती से कोई विषाक्त पदार्थ खा लिया। इसका पता तब चला जब छात्रा स्कूल पहुंची। स्कूल में अचानक तबीयत बिगड़ने पर स्कूल प्रबंधन व परिजनों ने उसे 108 एंबुलेंस से पांवटा अस्पताल पहुंचाया। सूचना मिलने पर राजबन पुलिस चौकी से जांच टीम पांवटा अस्पताल पहुंची थी। लेकिन, छात्रा बेहोश होने पर बयान देने की स्थिति में नहीं थी। वहीं, सिविल अस्पताल पांवटा के वरिष्ठ डॉ. कमाल पाशा ने कहा कि परिजनों के अनुसार 16 वर्षीय लड़की ने गलती से खांसी की दवा समझकर कोई विषाक्त पदार्थ खा लिया। उसकी हालत गंभीर है। प्राथमिक उपचार के बाद उसे मेडिकल कॉलेज नाहन रेफर किया गया है। उधर, डीएसपी पांवटा सोमदत्त ने कहा कि सूचना मिली है। इसकी जांच राजबन पुलिस चौकी टीम करेगी।