त्रिलोकपुर में नवरात्र मेले के दौरान शीश नवाते श्रद्धालु।
- फोटो : NAHAN
कालाअंब(सिरमौर)। चैत्र नवरात्र के पांचवें दिन भी उत्तर भारत के प्रमुख मंदिरों में शुमार त्रिलोकपुर स्थित माता बाला सुंदरी मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। स्थानीय और बाहरी प्रदेशों से आए करीब 18 हजार श्रद्धालुओं ने माता के दर पर शीश नवाया। लोग सुबह से ही मंदिर के दरवाजे के बाहर कतार लगाकर खड़े हो गए थे।
मंदिर के द्वार खुलने के बाद सबसे पहले मुख्य आरती और पूजा हुई, जिसके बाद लोगों ने बारी-बारी से माता के दर्शन किए। मेला अधिकारी मायाराम शर्मा ने बताया कि चैत्र नवरात्र के पांचवें दिन माता बाला सुंदरी मंदिर में श्रद्धालुओं ने 13,59,080 रुपये नकद चढ़ाए। गौरतलब रहे कि माता बाला सुंदरी मंदिर उत्तर भारत की प्रमुख मंदिर है। इस वजह से यहां हर साल नवरात्रों पर सिरमौर के साथ-साथ पड़ोसी राज्यों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु मां का आशीर्वाद लेने पहुंचते हैं। जिला प्रशासन ने भी श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए यहां सुरक्षा के माकूल इंतजाम किए हैं। मेला स्थल को चार सेक्टर में बांटा गया है। करीब 620 सुरक्षा कर्मियों को मेले के विभिन्न क्षेत्रों में तैनात किया गया है।
इसके अलावा असामाजिक तत्वों पर निगरानी रखने के लिए मेला स्थल के भीड़भाड़ वाले स्थानों में 150 सीसीटीवी कैमरा स्थापित किए गए हैं।