मेडिकल कालेज नाहन में उपचाराधीन में रेणुकाजी- बांदल सुराख पर हुए सड़क हादसे का घायल।
- फोटो : NAHAN
ददाहू (सिरमौर)। थाना क्षेत्र रेणुका के अंतर्गत मंगलवार सुबह एक बोलेरो कैंपर के पलटने से चालक समेत छह लोग घायल हो गए। घायलों को ग्रामीणों की सहायता से सिविल अस्पताल ददाहू लाया गया जहां उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज नाहन रेफर कर दिया। इनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। यह हादसा रेणुकाजी-बांदल सुराख सड़क पर पेश आया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बांदल सुराख गांव के कुछ लोग एक बोलेरो कैंपर (एचपी 10ए- 7953) में सवार होकर ददाहू की ओर आ रहे थे। लुपू गांव के निकट चालक गाड़ी से अपना नियंत्रण खो बैठा जिससे गाड़ी सड़क से कुछ ही दूरी पर जा पलटी।
हादसे में चेतराम (70), रण सिंह(65), जगदीश(55), सुरेश कुमार(36), माताराम(48) व नारायण सिंह (36) घायल हो गए। सभी घायल सुराख गांव के रहने वाले हैं। इनमेें चेतराम व मदन सिंह की हालत अभी गंभीर बनी हुई है। सभी छह घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज नाहन रेफर किया गया।
रेणुका पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रशासन की ओर से नायब तहसीलदार ददाहू कर्मचंद ने गंभीर रूप से घायल दो लोगों को पांच-पांच हजार व मामूली रुप से चार घायलों को दो-दो हजार रुपये की फौरी राहत प्रदान की है। रेणुका थाने के एसएचओ देवी सिंह नेगी ने सड़क हादसे में छह लोगों के घायल होने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि चालक के विरुद्ध लापरवाही से गाड़ी चलाने का मामला दर्ज करके कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
.....