टिक्कर खमाडी बंद सड़क को खोलने में जुटी लोक निर्माण विभाग का जेसीबी
- फोटो : RAMPUR-HP
ननखड़ी (रामपुर बुशहर)। बर्फबारी के बाद उपमंडल के ग्रामीण क्षेत्रों में अभी तक सड़क मार्ग बहाल नहीं हो पाए हैं। इस कारण लोगों को कई किलोमीटर पैदल सफर करना पड़ रहा है। टिक्कर-खमाड़ी सड़क बंद होने से ननखड़ी के लोग परेशान हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि मौसम साफ हुए 7 दिन हो चुके हैं, लेकिन लोक निर्माण विभाग की लेटलतीफी के कारण लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
यह मार्ग ननखड़ी से शिमला के लिए मुख्य मार्ग माना जाता है। इससे मरीजों को ले जाना, किसानों की सब्जियां, दूध और सामान ले जाया जाता है।
जिला परिषद सदस्य ननखड़ी हुकम चंद ने आरोप लगाया कि पिछले सात दिन से सड़क से बर्फ को न हटा पाना लोक निर्माण विभाग की नाकामी को दर्शाता है। उन्होंने विभाग और सरकार से मांग की है कि जल्द इस सड़क को बहाल किया जाए।
युवक मंडल के सदस्य रोहित कंवर ने बताया कि सरकार और विभाग ननखड़ी की जनता से सौतेला व्यवहार कर रहे हैं। समय पर कोई कार्य नहीं हो पा रहे हैं। टिक्कर-खमाड़ी सड़क बंद पड़े कई दिन बीत चुके हैं, लेकिन कोई भी इस पर गौर नहीं कर रहा है। उधर, कनिष्ठ अभियंता ननखड़ी शोभाराम ने बताया कि शनिवार से सड़क को बहाल करने के लिए अन्य मशीनों की व्यवस्था भी की जाएगी।
फिलहाल, लगभग 18 किलोमीटर सड़क को बहाल करने में विभाग जुट गया है। इससे पहले अन्य संपर्क मार्गों को बहाल करने में मशीनें लगाई गई थीं। इस कारण मार्ग बहाल करने में देरी हुई। मीन दिन में इस मार्ग को बहाल कर दिया जाएगा।
--