पूह (किन्नौर)। जनजातीय जिला किन्नौर के पूह खंड में जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण किन्नौर द्वारा भूस्खलन और प्राकृतिक आपदाओं से निपटने को लेकर युवाओं को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण किन्नौर के प्रभारी नरेंद्र कायथ की अगुवाई में रोपा, सुनम और ज्ञाबुंग पंचायत के करीब 45 युवाओं को तीन दिनों तक प्राकृतिक आपदाओं से निपटने के गुर सिखाए गए।
पहले दिन अग्निशमन केंद्र रिकांगपिओ से सुंदर लाल की टीम ने युवाओं को आग से निपटने के गुर सिखाए। वहीं दूसरे दिन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पूह से पहुंचे डॉ. चंद्रवीर ने सभी प्रशिक्षुओं को प्राकृतिक आपदा के अफरातफरी न मचाकर किस तरह से प्राथमिक उपचार दिया जाता है, को लेकर प्रशिक्षण दिया। डॉ. चंद्रवीर ने कहा कि यदि किसी भी तरह का कोई बड़ा हादसा होता है तो उन्हें किस तरह से संयम के साथ प्राथमिक उपचार दिया जाता है, इस बारे महत्वपूर्ण जानकारी दी। प्रशिक्षण शिविर के तीसरे दिन सभी प्रशिक्षुओं को भूस्खलन, चट्टानों के दरकने और प्रलयकारी बाढ़ सहित कई अन्य प्राकृतिक आपदाओं से निपटने के गुर सिखाए गए। प्रथम वाहिनी गृह रक्षा जिला मुख्यालय रिकांगपिओ के प्रभारी सुखदेव नेगी ने आपदा के समय किए जाने वाले राहत एवं बचाव कार्यों को लेकर युवाओं को प्रशिक्षित किया। उन्होंने सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन को लेकर भी युवाओं को प्रशिक्षण दिया। नरेंद्र कायथ ने कहा कि प्रशिक्षण शिविर के समापन अवसर पर प्रशिक्षुओं को प्रमाणपत्र भेंट कर सम्मानित किया गया। इस मौके पर ज्ञाबुंग प्रधान ज्ञान सिंह, जितेंद्र कुमार, कर्मा नेगी, दावा दोर्जे, हीरा सिंह, पून्या कीर्ति सहित अन्य मौजूद रहे।