संवाद न्यूज एजेंसी
ठियोग (रामपुर बुशहर)। ऊपरी क्षेत्र में सीजन की दूसरी बर्फबारी हुई। कुफरी और फागू के बीच में हल्की बर्फबारी के बाद ही वाहनों के पहिए थम गए। फिसलन के कारण कई वाहन आपस में टकरा गए। इस कारण घंटों तक जाम लगा रहा। राष्ट्रीय राज मार्ग प्राधिकरण ने जगह-जगह रेत के ढेर फेंक रखे हैं। इस कारण भी आवाजाही में समस्या का सामना करना पड़ा। जानकारी के अनुसार, ऊपरी क्षेत्र में सोमवार दोपहर बाद शुरू हुई बर्फबारी में राष्ट्रीय राज मार्ग-पांच पर फागू और कुफरी के बीच परिवहन निगम की कई बसों सहित सैकड़ों छोटे वाहन जाम में फंस गए। जाम के कारण कई यात्रियों को अपने गंतव्य की ओर पैदल जाना पड़ा। सबसे अधिक परेशानी बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को हुई। वहीं, कुफरी बाईपास में भारी संख्या में पर्यटकों के वाहन जाम में फंस गए। जाम को खुलवाने के लिए एसडीएम मुकेश शर्मा और डीएसपी सिद्धार्थ शर्मा की टीम साढ़े तीन बजे के मौके पर पहुंची। फिसलन के कारण वाहनों के टायर स्किड होते रहे। इस कारण जाम को खोलने में अधिक परेशानी आई।
बागवानों-किसानों ने ली राहत की सांस
बर्फबारी होने से किसान और बागवानों ने राहत की सांस ली है। क्षेत्र में तीन महीने से सूखे जैसे हालत थे। अब जमीन में नमी आने से मटर की फसल की बुआई हो सकेगी, वहीं सेब के फसल के लिए चिंलिग ऑवर्स भी पूरे होने की उम्मीद है।
फागू की तरफ से एक जेसीबी जाम में फंसने के कारण रेत फेंकने के काम में देरी हो रही है। छराबड़ा की ओर से दो पिकअप के जरिये सड़क पर रेत फेंकने का काम जारी है। सड़क पर बर्फ को जमने से रोकने के लिए सोडियम क्लोराइड का छिड़काव किया जा रहा है।
- रवि कपूर, अधिशासी अभियंता, राष्ट्रीय राज मार्ग प्राधिकरण