फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Rampur Bushahar News: सांगला में आइस स्केटिंग में निखारे जा रहे 56 खिलाड़ी

पहली बार सांगला वैली में सात दिवसीय आइस स्केटिंग शिविर का आयोजन

आइस हॉकी के मुख्य प्रशिक्षक छोइंग दोर्जें सिखा रहे खिलाड़ियों को स्केटिंग के गुर

शिविर से चयनित प्रतिभागी स्पीति कप का बनेंगे हिस्सा

संवाद न्यूज एजेंसी

सांगला (किन्नौर)। जनजातीय जिला किन्नौर में साहसिक खेलों के लिए काफी अनुकूल है। यहां आइस हॉकी और आइस स्केटिंग की अपार संभावनाएं हैं। इसी के तहत जिले की सांगला वैली में इन दिनों आइस स्केटिंग का प्रशिक्षण शिविर चल रहा है। इसमें जिलेभर के प्रतिभागी आइस स्केटिंग की बारीकियां सीख रहे हैं। आइस हॉकी कोच छोइंग दोर्जे शिविर में प्रतिभागियों को स्केटिंग के गुर सिखा रहे हैं। आइस स्केटिंग क्लब सांगला ने आइस हॉकी एसोसिएशन ऑफ इंडिया के तत्वाधान में किन्नौर जिले की सांगला वैली में पहली बार आइस स्केटिंग प्रशिक्षण शिविर शुरू किया है। साहसिक खेलों में रुचि रखने वाले वैली सहित जिले के लोगों के लिए यह शिविर किसी सपने से कम नहीं है। सांगला के आइस हॉकी स्केटिंग रिंक में चल रहे सात दिवसीय बेसिक प्रशिक्षण शिविर में 56 प्रतिभागी भाग ले रहे हैं। छह से 45 वर्ष की आयु सीमा वाले प्रतिभागी आइस स्केटिंग की बारीकियां सीख रहे हैं। चार से दस जनवरी तक आयोजित हो रहे इस विशेष प्रशिक्षण शिविर में प्रतिभागियों का प्रथम बैच सुबह आठ से नौ, दूसरा साढ़े नौ से साढ़े दस और तीसरा बैच 11 से 12 बजे तक प्रशिक्षण प्राप्त कर रहा है।
काजा में स्पीति कप में भाग लेंगे खिलाड़ी

शिविर में आइस हॉकी एसोसिएशन ऑफ लाहौल-स्पीति के मुख्य प्रशिक्षक छोइंग दोर्जे खिलाड़ियों को आइस स्केटिंग के गुर सिखा रहे हैं और इस खेल में कैसे महारत हासिल की जाए, इस बारे में जानकारी दे रहे हैं। इस प्रशिक्षण शिविर में भाग लेने वाले प्रतिभागियों से चयनित खिलाड़ी 14 जनवरी को काजा में होने वाली स्पीति कप प्रतियोगिता में भाग लेंगे। हालांकि, यहां से चयनित खिलाड़ी राज्य स्तरीय आइस स्केटिंग प्रतियोगिता का हिस्सा बनेंगे।
खिलाड़ियों को मिल रहा मौका

शिविर में भाग ले रहे दीती नेगी, सक्षम नेगी, विक्रमादित्य, पदमहंस नेगी, सीया नेगी, विराट रेपाल्टो, आद्विक भंडारी, विरेंद्र मोहन, राजवीर लोक्टस, मीनाक्षी नेगी, मिशेलकैथ, अनिश, हेमंत, सुनील कुमार और नीतिका सहित ने बताया कि सांगला में यह पहला शिविर आयोजित हो रहा है, जिससे युवाओं में खासा जोश है। जिले में साहसिक खेलों को बढ़ावा देने के लिए इस तरह की गतिविधियां काफी सराहनीय है। जिले के अन्य स्थानों में भी साहसिक खेलों का बढ़ावा देने के लिए आधारभूत ढांचा और सुविधाएं उपलब्ध करवाई जानी चाहिए।

आईस स्केटिंग क्लब सांगला के अध्यक्ष सुमित नेगी ने बताया कि क्लब द्वारा क्षेत्र में साहसिक खेलों को बढ़ावा देने के लिए सांगला में आईस स्केटिंग का विशेष बेसिक प्रशिक्षण शिविर चलाया जा रहा है। प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों के से बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागी काजा में होने वाले स्पीति कप में भाग लेंगे। स्पीति कप से चयनित खिलाड़ी राज्यस्तरीय आईस स्केटिंग प्रतियोगिता में भाग लेंगे।

- संवाद

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें