Rohal farmers took pledge to do poison free farming
रोहड़ू। रसायन मुक्त खेती को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से प्राकृतिक खेती पर आयोजित डिजिटल जागरूकता कार्यक्रम में रोहल पंचायत के किसानों ने भी भाग लिया। दूरदराज क्षेत्र रोहल के किसान गांव में मोबाइल नेटवर्क न होने के चलते गांव से दूर जंगल मे जाकर इस कार्यक्रम का हिस्सा बने।
रोहल गांव में लंबे समय से जैविक, औषधीय और प्राकृतिक खेती पर सराहनीय कार्य करने वाली संस्था त्रिदेव औषधीय पौध उत्पादन सोसायटी से जुडे़ सभी किसानों ने इस कार्यक्रम में भाग लिया। सोसायटी के प्रधान कृपाल सिंह ने बताया कि आज जब हमारा पूरा वातावरण रसायनिक पदार्थों के प्रयोग के कारण दूषित हो चुका है। वहीं, विभिन्न नकदी और खाद्य फसलों में भी इन रसायनों के प्रयोग से जहर घुलता जा रहा है, जो हमारे स्वास्थ्य के लिए घातक बनकर बीमारियों को जन्म दे रहा है।
उन्होंने बताया कि रोहल पंचायत के सभी किसान अभी तक रसायन मुक्त खेती कर रहे हैं। सरकार के इस कार्यक्रम के बाद यहां के किसानों ने प्रण लिया है कि वे न खुद जहर युक्त खाधानों का सेवन करेंगे, नही किसी दूसरे को खिलाएंगे, ताकि आने वाली पीढ़ी के बेहतर स्वास्थ्य को सुनिश्चित किया जा सके। कार्यक्रम में किसानों में सन्नी मेहता, अशोक सिंह, विपिन लाल, संदीप, वीरेंद्र और मनीषा आदि किसानों ने भाग लिया।