नित्थर के लोग गाडिय़ों की छेड़छाड़ और तेल चोरी से त्रस्त
- फोटो : RAMPUR-HP
नित्थर (कुल्लू)। नित्थर उपहसील में सड़क किनारे खड़े वाहनों से तेल चोरी और छेड़छाड़ के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। क्षेत्र में हर दिन गाड़ियों से छेड़खानी हो रही है और पुलिस भी इस मामले में कुछ नहीं कर पा रही है, इस कारण चोर गिरोह के हौसले बुलंद हैं।
एक माह के भीतर ही उपतहसील नित्थर के अलग-अलग इलाकों दुराह, क्लोग और बशला में तेल चोरी और गाड़ियों से छेड़खानी के कई मामले पेश आए हैं, जिससे वाहन मालिकों की नींद उड़ी हुई है।
वाहन मालिक सोचने को मजबूर हैं कि आखिर वे अपने लाखों वाहनों को कहां खड़ा करें? क्योंकि सभी वाहन मालिकों के पास अपनी पार्किंग की सुविधा नहीं है। पहाड़ी क्षेत्र में लोग मुख्य सड़क में वाहन पार्क करते हैं, सभी के घर सड़कों के साथ भी नहीं हैं, किसी को आधा घंटा तो किसी को एक घंटा पैदल सफर कर घर पहुंचना पड़ता है। ऐसे में वाहन सड़क किनारे ही पार्क करने पड़ते हैं।
ऐसा ही एक अन्य मामला वीरवार रात को पेश आया। उपतहसील से महज सौ मीटर की दूरी पर शरारती तत्वों ने करीब आधा दर्जन से ज्यादा वाहनों से छेड़खानी की, जिसमें छोटी से लेकर बड़ी गाड़ी और बाइक के ताले तोड़े गए। स्थानीय निवासी अजय आनंद का कहना है कि सुबह जब उन्होंने अपनी स्कूटी को देखा तो ताला और शीशा तोड़ा हुआ था। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में गाड़ी और तेल चोर गिरोह सक्रिय है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से इस संबंध में कड़े कदम उठाने की मांग की है, ताकि ये शरारती तत्व भविष्य में ऐसी घटनाओं को अंजाम देने की हिम्मत न करें।
उधर, एएसआई पुलिस चौकी नित्थर देवेंद्र वर्मा ने कहा कि पुलिस की गश्त जारी है। इन मामलों को लेकर कड़े से कड़े कदम उठाएं जाएंगे। उन्होंने ऐसे शरारती तत्वों को चेतावनी दी है कि यदि कोई ऐसी घटना को अंजाम देते हुए पकड़ा गया तो कड़ी से कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।