रोहडू। पुलिस थाना चिड़गांव के तहत संदासू में मोबाइल फोन, लैपटॉप और कुछ नकदी चुराने के मामले में पुलिस ने एक नेपाली मूल के व्यक्ति को सामान सहित गिरफ्तार किया है। आरोपी से पुलिस पूछताछ कर रही है। दुकान के मालिक ने चिड़गांव पुलिस थाने में जनरल स्टोर में चोरी की शिकायत दर्ज की थी।
जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता अजय शर्मा पुत्र प्रिथम देव शर्मा निवासी गांव संदासू डाकघर खशधार तहसील चिड़गांव ने पुलिस को बताया कि उसका संदासू बाजार में जनरल स्टोर है। आजकल लॉकडाउन के चलते बाजार बंद था। सोमवार को जब वह संदासू आया तो दुकान का ताला टूटा हुआ पाया गया। दुकान के अन्दर सामान बिखरा पड़ा था। चेक करने पर एक लैपटॉप, तीन मोबाइल फोन, गल्ले से लगभग 3-4 हजार रुपये गायब थे। सूचना पर पुलिस थाना चिड़गांव से प्रभारी घटनास्थल पर पहुंचे तो जांच के दौरान पता चला कि वहां पर लगा सीसीटीवी कैमरा भी तोड़ा गया था। रिकॉर्ड हुई फुटेज के आधार पर पुलिस ने करीब घंटे के भीतर आरोपी संजय (नेपाली) उम्र 21 वर्ष जो कि बागवान के पास तेलगा गांव में काम करता था, को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी से चोरी का लैपटॉप बरामद किया गया है ।
डीएसपी रोहडू सुनील नेगी ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। उन्होंने कहा कि कैमरे की रिकार्डिंग से चोर को पकड़ने में आसानी हुई है।