रामपुर बुशहर। रामपुर के पद्म छात्र स्कूल में 7 से 17 अक्तूबर तक रामलीला का मंच होगा। प्रदेश उच्च न्यायालय के आदेशों के बाद वर्ष 2016 से रामपुर में रामलीला का मंचन नहीं हो रहा था। अब प्रदेश उच्च न्यायालय से अनुमति मिलने के बाद रामपुर में पांच सालों से बंद पड़ी रामलीला का फिर से मंचन हो सकेगा। कोविड प्रोटोकॉल के तहत पद्म छात्र स्कूल में रामलीला होगी।
इसके लिए रामलीला क्लब रामपुर तैयारियों में जुट गया है। करीब पांच वर्ष के अंतराल के बाद रामपुर के पद्म छात्र स्कूल में इस वर्ष रामलीला का मंचन होगा। इसको लेकर क्षेत्र के लोगों और रामलीला क्लब में खुशी का माहौल है। गौर हो कि दशकों से रामपुर के पद्म छात्र स्कूल में रामलीला का आयोजन होता रहा है लेकिन शैक्षणिक संस्थानों में धार्मिक और अन्य प्रकार के आयोजनों पर हाईकोर्ट ने पाबंदी लगाई थी। इस वजह से रामलीला का मंचन पिछले पांच सालों से नहीं हो पा रहा था। अब न्यायालय ने रामलीला क्लब को रामलीला मंचन की अनुमति दे दी है। सात अक्तूबर की शाम से रामपुर में रामलीला शुरू होगी। इसमें रामपुर और साथ लगते कुल्लू क्षेत्र के सैकड़ों लोग पहुंचते हैं। नप क्षेत्र के युवाओं ने रामलीला क्लब का दोबारा गठन किया और रामलीला करवाने का निर्णय लिया। रामलीला क्लब रामपुर बुशहर के अध्यक्ष विजेश गोयल और महासचिव ध्रुव शर्मा ने बताया कि रामपुर के पद्म छात्र स्कूल में 7 से 17 अक्तूबर तक रामलीला का मंचन होगा।