रोहडू़। जुब्बल कोटखाई विधानसभा क्षेत्र के उपचुनाव में भाजपा-कांग्रेस के साथ तीन निर्दलीय उम्मीदवारों ने अपने नामांकन दाखिल किए हैं। जुब्बल में नामांकन भरने के बाद अलग-अलग स्थानों पर जनसमूह को संबोधित किया।
जुब्बल तहसील मुख्यालय में सबसे पहले कांग्रेस के उम्मीदवार रोहित ठाकुर ने अपना नामांकन भरा। इसके बाद भाजपा की नीलम सरैईक ने नामांकन भरा। निर्दलियों में कुसुम्पटी निवासी सुमन कदम, रोहडू़ के समरकोट निवासी केवल राम नेगी और चेतन बरागटा ने अपना नामांकन भरा। जुब्बल में निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार हर सभा स्थल पर सेक्टर ऑफिसर नियुक्त किए गए हैं। नामांकन के बाद कांग्रेस के प्रत्याशी रोहित ठाकुर ने जुब्बल बाजार में कार्यकर्ताओं को एक सभा में जरूरी दिशा निर्देश दिए। चेतन बरागटा ने नामांकन से पहले खड़ापत्थर में कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। जुब्बल बाजार से करीब दो किलोमीटर की दूर भाजपा की प्रत्याशी नीलम सरैईक के लिए आयोजित जनसभा को मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, सांसद सुरेश कश्यप, ऊर्जा मंत्री सुखराम ने संबोधित किया।