चौपाल में ठोडा खेल के फाइनल मुकाबले में खिलाड़ी और मुकाबला देखने पहुंचे लोग।
चौपाल (रोहडू़)। उपमंडल के बागड़ी में आयोजित प्रदेश की पहली राज्य स्तरीय ठोडा स्पर्धा नगाइक खुंद ब्रदर्स के नाम रही। खिताबी मुकाबले में नगाइक खुंद ब्रदर्स की टीम ने किशौर खुंद ब्रदर्स को हराकर मुकाबला जीता। इसमें विजेता टीम ने 51 अंक अर्जित किए जबकि उपविजेता टीम 44 अंक हासिल किए। इस तरह से टीत ने सात अंकों से जीत हासिल की। प्रतियोगिता के समापन कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे और पारंपरिक वाद्य यंत्रों की धुनों पर हुए मुकाबले का लुत्फ उठाया। इस मौके पर बतौर मुख्यातिथि पहुंचे ऊर्जा मंत्री सुखराम चौधरी ने विजेता और उपविजेता टीम को सम्मानित किया।
ऊर्जा मंत्री ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि ठोडा खेल विश्व का एक अनूठा खेल है। इस खेल में खिलाड़ी अपने शरीर के दर्द हंसते-हंसते सहते हैं और नाचने-गाने व ढोल-नगाड़ों के धुन पर लोगों का मनोरंजन करते हैं। उन्होंने कहा कि सिरमौर, शिमला और सोलन जिले की जनता और खिलाड़ियों को बधाई देता हूं, जिन्होंने इस विरासत का आज तक संजोये रखा है। उन्होंने युवा पीढ़ी से भी आग्रह किया कि इस धरोहर ऐसे ही सहेजकर रखें। प्रतियोगिता में प्रदेश से करीब 51 पंजीकृत ठोडा दलों ने भाग लिया गया।
ऊर्जा मंत्री ने इसके आयोजन के लिए चौपाल के विधायक एवं राज्य स्तरीय ठोडा प्रतियोगिता के अध्यक्ष बलबीर वर्मा का धन्यवाद किया। उन्होंने खेल मैदान बागड़ी के निर्माण के लिए 20 लाख रुपये और तिहाणा मैदान के लिए 10 लाख रुपये देने की घोषणा की। इसके अलावा राज्य स्तरीय ठोडा संघ को अपनी ऐच्छिक निधि से एक लाख रुपये देने की घोषणा की। इस अवसर पर भाजपा जिला महासू के अध्यक्ष अजय श्याम, संगीत क्षेत्र में पद्मश्री विद्यानंद सरैक, राज्यस्तरीय ठोडा संघ के महासचिव ओम प्रकाश मेहता और चाइना एशियन गेम के सचिव राजेश भंडारी मौजूद रहे।