रामपुर विस क्षेत्र में मंडी संसदीय सीट के उप चुनाव को संपन्न करवाने पहुंचे चुनाव कर्मी।
- फोटो : RAMPUR-HP
रामपुर बुशहर। मंडी संसदीय क्षेत्र में होने वाले उपचुनाव के लिए निर्वाचन आयोग की तैयारियां पूरी हो चुकी है। बुधवार को छह सौ से अधिक चुनाव कर्मचारी रामपुर पहुंच गए हैं जबकि शेष 300 कर्मचारी भी जल्द पहुंचेंगे। यह कर्मचारी 30 अक्तूबर को रामपुर विधानसभा क्षेत्र के 156 पोलिंग बूथों पर मतदान प्रक्रिया को संपन्न करवाएंगे। विधानसभा क्षेत्र के सभी मतदान केंद्रों में चुनाव कर्मी, सुरक्षा जवान और पैरामेडिकल स्टाफ की तैनाती होगी।
विस क्षेत्र में बैलेट पेपर के माध्यम से 423 वृद्धों ने घर-द्वार पर वोट किया है, जबकि चुनाव में जुटे करीब 124 कर्मचारियों ने भी बैलेट पेपर से मतदान किया है। विस क्षेत्र के 156 पोलिंग बूथों में मतदान के बाद ईवीएम और वीवीपैट मशीनों को रामपुर के पद्म छात्र स्कूल सभागार में पहुंचाया जाएगा। यहां निर्वाचन आयोग ने स्ट्रांग रूम स्थापित किया है। रामपुर विस क्षेत्र में होने वाले मतदान की गणना 2 नवंबर को यहीं पर होगी। मतगणना के लिए स्ट्रांग रूम में 6 टेबल स्थापित किए गए हैं और मतगणना के 26 दौर होंगे।
मतदान से पूर्व रामपुर विस क्षेत्र से 796 चुनाव कर्मी जुब्बल-कोटखाई विधान सभा चुनाव के लिए रवाना हो गए हैं, जबकि रामपुर में मंडी संसदीय चुनाव संपन्न करवाने के लिए 600 से अधिक कर्मचारी रामपुर पहुंच गए हैं। इसके अतिरिक्त 300 कर्मचारियों का आना अभी बाकी है। कोरोना महामारी के ध्यान में रखते हुए सभी मतदान केंद्रों में पैरा मेडिकल स्टाफ तैनात होगा।
इनमें आशा वर्कर, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और मेल हेल्थ वर्कर शामिल होंगे। विस क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में 80 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके और शारीरिक रूप से अक्षम 423 मतदाताओं ने बैलेट पेपर से अपना मतदान कर लिया है। चुनाव ड्यूटी में लगे 324 कर्मियों में 124 ने अपना मतदान कर लिया है, जबकि 300 कर्मचारी पोस्ट के जरिये मतदान करेंगे। ये सभी बैलेट पेपर मतगणना के लिए मंडी भेजी जाएंगी।
सहायक निर्वाचन अधिकारी और एसडीएम रामपुर यादविंद्र पॉल ने बताया कि विस क्षेत्र में अभी तक 423 वृद्धजनों और दिव्यांग मतदाताओं ने बैलेट पेपर के जरिये मतदान किया है, जबकि 124 चुनाव कर्मियों ने ड्रॉप बॉक्स में अपने मत डाले हैं। इन मतों को गणना के लिए मंडी भेजा जाएगा।