ज्यूरी (रामपुर बुशहर)। मां भीमाकाली मंदिर में चैत्र नवरात्र के दौरान श्रद्धालु गर्भगृह में जाकर दर्शन कर सकेंगे। कोरोना महामारी के कारण पिछले लंबे समय से श्रद्धालुओं को बंदिशों से गुजरना पड़ रहा था। इसके अलावा नवरात्र के दौरान भंडारे भी लगेंगे।
मंदिर में श्रद्धालुओं के आने-जाने पर कोई प्रतिबंध नहीं रहेगा। मंदिर अधिकारी बालक राम नेगी ने बताया कि चैत्र नवरात्र को लेकर मंदिर परिसर को सजाया गया है। मंदिर न्यास के उपाध्यक्ष एवं एसडीएम रामपुर सुरेंद्र मोहन ने बताया भीमाकाली मंदिर में नवरात्रों की तैयारियां कर ली गई हैं। रघुनाथ मंदिर की नई छत का कार्य पूरा कर प्रतिष्ठा भी करवा ली गई है। इस बार नवरात्रों में नौ दिनों तक भंडारे का आयोजन किया जाएगा। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस और होमगार्ड के जवान भी तैनात किए जाएंगे।