ननखड़ी (रामपुर बुशहर)। रामपुर से बागी वाया ननखड़ी रूट पर चलने वाली एचआरटीसी बस तीन महीने से बंद है। इस वजह से क्षेत्र के लोगों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। वर्तमान में बस ननखड़ी तक ही जा रही है। क्षेत्र के ग्रामीणों में एचआरटीसी और लोनिवि की कार्यशैली को लेकर रोष जताया है।
ग्रामीणों ने बताया कि दिसंबर माह से ननखड़ी तक इस रूट की बस चल रही है। मगर तीन माह बीतने के बाद भी ननखड़ी से बागी रूट पर बस सेवा शुरू नहीं सकी है। इस कारण नावर और बागी-रोहडू़ क्षेत्र की जनता को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों ने कहा कि परिवहन विभाग से बस को चलाने के लिए अनेक बार मांग की उठाई गई लेकिन स्थिति जस की तस बनी हुई है। इसके कारण ग्रामीणों की दुश्वारियां बरकरार हैं।
राकेश चौहान, राजेश खुंद, दुर्गा दत्त शर्मा, नारायण खुंद, हेमराज शर्मा, प्रवीण कुमार और सतीश वर्मा सहित अन्य ग्रामीणों ने बस को सुचारु रूप से चलाने की मांग की है। आरएम रामपुर प्रेम कश्यप ने बताया कि ननखड़ी से टूटूपानी खदराला सड़क खराब होने के चलते बसों को नहीं चलाया जा रहा है। जब तक लोक निर्माण विभाग सड़क की क्लीयरेंस नहीं देगा, बस को नहीं भेजा जाएगा।
लोक निर्माण विभाग के कनिष्ठ अभियंता उमेश लरजू ने बताया कि सड़क में पेड़ गिरने से यह समस्या आई थी। जेसीबी मशीन लगाकर जल्द ही समस्या को दूर कर दिया जाएगा।