जोगिंद्रनगर के एथलेटिक सेंटर में लिए ट्रायल के दौरान दौड़ लगाते प्रदेश भर से पहुंचे खिलाड़ी।
- फोटो : Mandi
जोगिंद्रनगर (मंडी)। हिमाचल प्रदेश युवा सेवाएं एवं खेल विभाग के एथलेटिक सेंटर जोगिंद्रनगर में प्रशिक्षण हासिल करने के लिए शनिवार और रविवार को ट्रायल लिया गया। इसमें 60 खिलाड़ियों ने शारीरिक दक्षता की परीक्षा पास की है। 200 खिलाड़ियों की सांसें फूल गईं।
अब उन्हें अगले ट्रायल का इंतजार करना होगा। ट्रायल में 1600 मीटर दौड़ को 5 मिनट 40 सेकंड में पूरा करने का लक्ष्य खिलाड़ियों को दिया गया था। इसमें 200 खिलाड़ी फेल हो गए। एथलेटिक सेंटर में राष्ट्रीय खेलों और सेना में भर्ती का प्रशिक्षण दिया जाता है। इसके लिए जिला मंडी, कांगड़ा, हमीरपुर और कुल्लू जिले के आनी से खिलाड़ी पंजीकरण के लिए पहुंचे थे।
2008 के बने इस एथलेटिक सेंटर में अभी तक करीब 1500 खिलाड़ी भारतीय सेना में शामिल हो चुके हैं। 400 खिलाड़ी पुलिस और अन्य विभागों में खेल कोटे से सेवाएं दे रहे हैं। हर साल 300-400 खिलाड़ियों का पंजीकरण ट्रायल के माध्यम से किया जाता है।
सभी पंजीकृत खिलाड़ियों को 12 फरवरी से हमीरपुर जिले में आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय एथलेटिक प्रतियोगिता के लिए तैयार किया जाएगा। एथलेटिक सेंटर के कोच गोपाल ठाकुर ने बताया कि सेंटर में पंजीकृत सभी खिलाड़ियों को सोमवार से राज्य स्तरीय एथलेटिक खेलों का प्रशिक्षण शुरू कर दिया गया जाएगा। ट्रायल में 60 खिलाड़ियों का चयन किया गया है। संवाद