जोगिंद्रनगर (मंडी)। उपमंडल जोगिंद्रनगर में ज्योति की संदिग्ध मौत मामले में सीआईडी की एसआईटी डंप डाटा और फोन कॉल डिटेल्स रिकॉर्ड लेकर शिमला चली गई है। यहां पुलिस साइबर सेल में जुटाए गए डाटा की जांच की जाएगी।
एसआईटी की तीन टीमों ने घटनास्थल वाले जंगल के आस पास सक्रिय फोन का डाटा उठाया है। यह पता लगाया जाएगा कि घटना के दिन यहां कौन-कौन से मोबाइल सक्रिय थे। जोगिंद्रनगर में मौजूद दो टीमों ने रविवार सुबह से देर रात तक पुलिस से हासिल रिकार्ड को खंगाला।
हराबाग के नकेहड़ गांव की 23 साल की ज्योति की संदिग्ध मौत मामले को जल्द सुलझाने के लिए एसआईटी में करीब 15 कर्मचारी दिन-रात काम कर रहे हैं।
इनमें सीआईडी क्राइम पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र कालिया, डीएसपी मुकेश, सुशांत के नेतृत्व में तीन टीमों ने मोर्चा संभालते हुए फिजिकल, डिजिटल और साइंटिफिक जांच के आधार पर मामले को सुलझाने का प्रयास किया जा रहा है। सीआईडी की एसआईटी के प्रमुख ने बताया कि जांच देरी से हाथ लगने के कारण चुनौतियों भी पेश आ रही हैं। संवाद