हिमाचल पेंशनर्स वेलफेयर एसोसिएशन सरकाघाट मंडल की बैठक में मौजूद पदाधिकारी और सदस्य।
- फोटो : Mandi
सरकाघाट (मंडी)। हिमाचल पेंशनर वेलफेयर एसोसिएशन सरकाघाट मंडल की बैठक सरकाघाट में संघ के अध्यक्ष नानक चंद की अध्यक्षता में हुई। इसमें सबसे पहले दिवंगत पेंशनरों की आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा। बैठक का संचालन महामंत्री तारा चंद ठाकुर ने किया।
पेंशनरों की विभिन्न मांगों और जिलास्तर के चुनाव करवाने के लिए प्रतिनिधियों का चयन किया गया। इस दौरान पेंशनरों के प्रति सरकार के रवैए, नीति एवं नई पेंशन नीति पर चर्चा की। 2006 से पूर्व पेंशनरों की विसंगतियों को दूर करने का सरकार से अनुरोध किया गया।
प्रमुख मांगों में 65, 70 और 75 वर्ष की आयु पर दिए जाने वाले पेंशन भत्तों 5, 10 और 15 प्रतिशत को मूल पेंशन में समायोजित करने की मांग उठाई। पंजाब की तर्ज पर पेंशन तय करने, लंबित पड़े चिकित्सा बिलों का भुगतान, हिमाचल प्रदेश पेंशनर्स कल्याण बोर्ड गठित करने और जेसीसी की बैठक बुलाने सहित कई मांगों को सरकार के समक्ष रखा। इस मौके पर प्रेस सचिव तेजनाथ शर्मा सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे। संवाद