जोगिंद्रनगर रेलवे स्टेशन में खड़ी रेलगाड़ी।
- फोटो : Mandi
जोगिंद्रनगर (मंडी)। ऐतिहासिक रेलवे स्टेशन जोगिंद्रनगर में एकमात्र रेलगाड़ी भी आगामी कुछ दिनों के लिए बंद कर दी है। कोरोना काल के दो साल तक रेलगाड़ी की आवाजाही बंद रही। कुछ महीनों से एक रेलगाड़ी चल रही थी, उसे भी 27 जून तक बंद कर दिया है।
इस दौरान निर्माणकार्य किया जाएगा। इससे जोगिंद्रनगर से बैजनाथ पपरोला तक सफर करने वाले यात्रियों की दिक्कतें बढ़ गई हैं। यह रेल पठानकोट रेलवे स्टेशन से सुबह 9:00 बजे चलती थी और जोगिंद्रनगर सायं सात बजे पहुंचती थी।
सुबह यही ट्रेन 7:05 बजे पठानकोट के लिए रवाना होती थी। रेल के बंद होने से आलम यह है कि निगम और निजी बसों में भीड़ बढ़ गई है। जोगिंद्रनगर के व्यापार पर भी इसका बुरा असर पड़ रहा है, क्योंकि रेलगाड़ी में अब व्यापारियों का माल भी पहुंचना बंद हो चुका है।
उधर, रेलवे विभाग के स्टेशन अधीक्षक रविंद्र रावत ने बताया कि जोगिंद्रनगर रेलवे स्टेशन में रेल सेवा को आगामी 27 जून तक बाधित कर दिया गया है। बैजनाथ के गणेश बाजार में गेट नंबर 323 पर ओवर ब्रिज के निर्माण कार्य के चलते रेल सेवा प्रभावित हुई है। निर्माण कार्य पूरा होते ही रेलगाड़ी जोगिंद्रनगर स्टेशन में पहुंचना शुरू होगी। संवाद