मंडी। अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव के दौरान नगर निगम का सफाई और खानपान वाली वस्तुओं पर विशेष फोकस रहेगा। इनमें गड़बड़ी पर मौके पर सख्ती की जाएगी। इसके लिए नगर निगम ने तैयारियां करनी शुरू कर दी हैं। मेला मैदान और सेरी मंच पर होने वाली सांस्कृतिक संध्याओं के दौरान किसी को शौच आदि में परेशानी न आए। इसके लिए नगर निगम शिवरात्रि पर्व से पहले पांच मोबाइल वैन 10 टायलेट वाली खरीदेगा ताकि मेला क्षेत्र में गंदगी न फैल सके। इन मोबाइल टायलेट को सीवरेज से जोड़ा जाएगा। नगर निगम के पास फिलहाल एक ही मोबाइल टायलेट वैन है जबकि दो आपदा के दौरान बह गई थीं।इसके अलावा मेला मैदान में सफाई को लेकर दुकानदारों को कड़ी हिदायत दी जाएगी। उन्हें इस बार सूखा व गीला कचरा अलग से देना होगा। ऐसा न करने वाले दुकानदारों का मौके पर चालान किया जाएगा। इसके लिए नगर निगम ने मेला मैदान में इस बार हर 50 दुकानों पर नजर रखने के लिए एक कर्मचारी को तैनात करने का निर्णय लिया है। साथ ही दुकानदारों को सफाई भी खुद ही करनी पड़ेगी। कूड़े-कचरे के लिए मेला मैदान में अलग से कूड़ेदान की व्यवस्था की जाएगी। वहीं, मेला मैदान में खुले में शौच जाने वालों पर भी नजर रखी जाएगी। मेले के दौरान खानपान व मिठाई की गुणवत्ता की रोजाना जांच के लिए असिस्टेंट कमिशनर की तैनाती करने का निगम ने फैसला किया है ताकि मेले के दौरान लोगों के स्वास्थ्य को लेकर कोई खिलवाड़ नहीं हो सके। उनके नेतृत्व में स्टाफ रोजाना दुकानों की खाद्य सामग्री की गुणवता जांचेगा। शिवरात्रि पर्व को लेकर मंगलवार को नगर निगम के आयुक्त उपायुक्त से मिलेंगे और तैयारियों की स्थिति के बारे में अवगत करवाएंगे।-
-
सेक्टर में ही मिलेगा देवताओं को भी स्थान
मेले के दौरान किसी को परेशानी न आए, इसके लिए नगर निगम ने इस बार शहर को सेक्टर में बांटने का निर्णय लिया है। सेक्टर में ही देवताओं को बैठने के लिए स्थान मुहैया करवाया जाएगा। यहां पर सफाई की व्यवस्था का निगम की ओर से बढि़या प्रबंधन किया जाएगा।
-
मंदिरों की सफाई के लिए चलेगा अभियान
शिवरात्रि महोत्सव से पहले शहर के प्राचीन मंदिरों के पास उगी झाड़ियों और सफाई के लिए नगर निगम विशेष अभियान चलाएगा। इसके अलावा शहर में कौन-कौन से एरिया में समस्याएं आती हैं। उनके निवारण के लिए नगर निगम ने अभी से तैयारी शुरू कर दी है। मेले के दौरान सफाई व्यवस्था व अन्य सुविधाओं के लिए 15 अतिरिक्त कर्मचारी हायर करने का भी निर्णय लिया है।
कोट्स
शिवरात्रि मेले के दौरान उपायुक्त और लोगों की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का प्रयास किया जाएगा। इसके लिए 5 मोबाइल टायलेट वैन खरीदने और मेले के दौरान रोजाना खाद्य सामग्री की गुणवत्ता जांचने का निर्णय लिया है। गंदगी और खाद्य सामग्री की गुणवत्ता को लेकर समझौता नहीं किया जाएगा।
-एचएस राणा, आयुक्त नगर निगम मंडी