सुंदरनगर (मंडी)। उपमंडल के जुगाहन गांव से एक प्रवासी परिवार की 16 वर्षीय बेटी रहस्यमयी परिस्थितियों में लापता हो गई है। परिजनों ने युवती की हर संभावित जगह पर तलाश की लेकिन उसका पता नहीं चला। इस पर उन्होंने सुंदरनगर थाना में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
प्राथमिकी में निशा देवी पत्नी हरिपाल निवासी सुक्लामय डाकघर खंडेर, तहसील एवं थाना जलालाबाद जिला शाहजहांपुर (उत्तर प्रदेश) ने कहा है कि वह सुंदरनगर के जुगाहन गांव में रहती है। 13 अगस्त को वह सुबह करीब 8 बजे घर के दूसरे कमरे में काम कर रही थी।
उसकी तीन लड़कियां और दो लड़के साथ वाले कमरे में बैठे थे। जब थोड़ी देर बाद वह कमरे में गई तो 16 वर्षीय बेटी नहीं थी। उसकी हर जगह तलाश की लेकिन सुराग नहीं मिला। इस पर थाना में गुमशुदगी की प्राथमिकी दर्ज करवा दी है। महिला ने बेटी के अपहरण की आशंका जताई है। डीएसपी दिनेश कुमार ने बताया कि जांच शुरू कर दी है। संवाद