मंडी। परिवहन निगम की राइड विद प्राइड टैक्सी सेवा पर ऑटो रिक्शा ऑपरेटर यूनियन मंडी इकाई ने कड़ा विरोध जताया है। यूनियन के पदाधिकारियों का कहना है कि राइड विद प्राइड टैक्सी सेवा परिवहन निगम के करार के तहत नहीं दौड़ाई जा रही।
यह केवल बुकिंग होने पर ही चल सकती है। परमिट के अनुसार यह सेवा न तो बस स्टैंड और न ही टैक्सी स्टैंड में खड़ी रह सकती है। बुकिंग मिलने पर यह जिले में कहीं पर भी दौड़ सकती है लेकिन टैक्सी चालकों की ओर से नियमों को ताक पर रख कर इन्हें रोजाना शहर की सड़कों पर मात्र 10 रुपये किराया वसूल कर दौड़ाया जा रहा है। ऑटो चालकों को दिनभर बेकार खड़े रहना पड़ रहा है।
यूनियन के सचिव हेमंत कुमार, प्रधान ओम प्रकाश, महासचिव मनोहर लाल, सहसचिव पंकज कुमार आदि ने बताया कि जिला प्रशासन, परिवहन निगम और मुख्यमंत्री को भी अवगत करवाया है लेकिन सार्थक समाधान नहीं निकला है। अब यूनियन ने 7 फरवरी को धरना-प्रदर्शन करेगी।
ऑटो यूनियन सोमवार को बस अड्डा में राइड विद प्राइड की सेवाओं को लेकर प्रदर्शन करेगी। उधर आरएम गोपाल चंद ने सभी आरोपों को निराधार बताया है। कहा कि नियमों के तहत ही राइड विद प्राइड टैक्सी दौड़ाई जा रही है। संवाद