हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में सुंदरनगर उपमंडल की निहरी तहसील की पंचायत जरल के ओड़ीधार में बुधवार देर रात एक कार के गहरी खाई में गिरने से उसमें सवार चार लोगों की मौत हो गई। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से करीब 300 फीट गहरी खाई से कड़ी मशक्कत के बाद चारों कार सवारों को बाहर निकाला और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र निहरी पहुंचाया। यहां जांच के बाद चिकित्सकों ने सभी को मृत करार दे दिया। डीएसपी दिनेश कुमार ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है और पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए हैं।
पुलिस के अनुसार निहरी तहसील के पनयाली गांव के तीन लोग बुद्धि सिंह (34) पुत्र रोशन लाल, हेमराज (37) पुत्र मोहन लाल, कुशाल सिंह (37) पुत्र गोबिंद सिंह और गांव घेरा के यादव (33) पुत्र दिल्लू राम निहरी से बंदली की ओर कार (एसपी31सी/9559) में जा रहे थे। इसी दौरान जब वह ओड़ीधार के निकट पहुंचे तो चालक हेमराज ने कार से नियंत्रण खो दिया और कार करीब 300 फीट गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में चारों लोगों की मौत हो गई। मृतकों में हेमराज, कुशाल सिंह व यादव खेतीबाड़ी करते थे, जबकि बुद्धि सिंह एक निजी स्कूल में शारीरिक शिक्षक के पद पर तैनात था। मृतकों के परिवार वालों को प्रशासन ने फौरी सहायता के रूप में 50-50 हजार रुपये प्रदान किए।
बल्ह में एक की मौत
वहीं, मंडी जिले में एक और सड़क हादसे में 52 साल के व्यक्ति की मौत हो गई है। यह हादसा बल्ह के चढ़ी में हुआ है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे में देवराज पुत्र सीताराम गांव और डाकघर दसेहडा तहसील बल्ह जिला मंडी की मृत्यु हो गई है। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जिले में दो हादसों में पांच की मौत हो गई है।