जोगिंद्रनगर (मंडी)। अरुणाचल प्रदेश में जोगिंद्रनगर के भटवाड़ा के सैनिक शहीद हो गए हैं। 13 डोगरा रेजीमेंट में तैनात अमित कुमार (26) की पेट्रोलिंग के दौरान हादसे में मौत हुई है। सैनिकों को ले जा रहा वाहन खाई में गिर गया। इसमें नौ सैनिक घायल हो गए हैं। हादसा 23 अक्तूबर का बताया जा रहा है।
मौत की सूचना मिलने पर परिवार में दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मंगलवार को राजकीय सम्मान के साथ शहीद सैनिक का पैतृक गांव में अंतिम संस्कार होगा। हवाई मार्ग से दिल्ली तक जांबाज सैनिक की पार्थिव देह पहुंचेगी और उसके उपरांत सेना के एक विशेष वाहन में मंगलवार को जोगिंद्रनगर में शव पहुंचने की उम्मीद है। जोगिंद्रनगर के एसडीएम डॉ. मेजर विशाल शर्मा ने सैनिक की शहादत की पुष्टि की।
कहा कि शहीद सैनिक का राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार होगा। पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता भी सैनिक के परिजनों को दी जाएगी। बदेहड़ पंचायत के भटवाड़ा गांव से संबंध रखने वाले नायक अमित कुमार की नौ माह पहले ही शादी हुई थी।
करवाचौथ में पत्नी ने अपने पति की दीर्घायु की कामना के लिए व्रत रखने की भी तैयारी थी, इसी दौरान शहादत की खबर आ गई। पत्नी का रो-रो कर बुरा हाल है। बहन भी भाई की आकस्मिक मौत से बेसुध पड़ी है। मां-बाप के बुढ़ापे का सहारा छिन जाने से हर आंख नम है। बदेहड़ पंचायत के प्रधान धनी राम ने बताया कि बेटे की शहादत पर समूचे उपमंडल में शोक की लहर है।