मंडी। वनरक्षक के 38 पदों के लिए मंडी के गागल में भर्ती प्रक्रिया संपन्न हो गई है। शारीरिक दक्षता में पास हुए 5067 युवक और युवतियां 7 नवंबर को वन रक्षक लिखित परीक्षा में बैठेंगे। इसमें अब तक 4189 युवक और 878 युवतियों ने मैदान में सफलता हासिल की है।
अंतिम दिन तक मैदान में 12762 युवक और युवतियां हाजिर हुए हालांकि 24,454 युवक-युवतियों ने पंजीकरण करवाया था। कसौटी पर खरा उतरने वाले युवक-युवतियों को अब लिखित परीक्षा के लिए कॉल लेटर जारी किए जाएंगे। अंतिम दिन सोमवार को शारीरिक दक्षता के लिए वनरक्षक भर्ती में 573 अभ्यर्थियों को बुलाया गया था, लेकिन इसमें 137 युवक-युवतियों ही मैदान पास कर सके। जिसमें 191 युवक और 46 युवतियां मैदान पार करने में सफल रहे।
वन विभाग के अधिकारियों ने शारीरिक दक्षता परीक्षा को उत्तीर्ण करने वाले बेरोजगारों का आंकड़ा जुटा कर अब इसे वेबसाइट में अपलोड किया जाएगा। इसके बाद बेरोजगारों को लिखित परीक्षा के लिए एडमिट कार्ड जारी किए जाएंगे। मंडी सर्किल में 38 वनरक्षकों के पदों को भरने के लिए बल्ह घाटी के गागल में 21 सिंतबर से 18 अक्तूबर तक शारीरिक दक्षता परीक्षा जारी रही, लेकिन वन रक्षक भर्ती के लिए शारीरिक दक्षता परीक्षा में लंबी दूरी की दौड़ में अधिकतर अभ्यर्थी मापदंड पूरे करने में सफलता हासिल नहीं कर पा सके। अधिकतर अभ्ययर्थियों की ऊंची व लंबी कूद में सांसे फूलती दिखी। युवाओं के लिए 800 मीटर की दौड़ भी बाधा बन रहीं है।
वन विभाग के मंडी सर्किल में 38 पदों को भरने के लिए आयोजित की जा रही शारीरिक दक्षता परीक्षा सोमवार को समाप्त हो गई है। 5067 युवक युवतियों ने शारीरिक दक्षता परीक्षा को उत्तीर्ण किया है।
- एसके मुसाफिर, मुख्य अरण्यपाल मंडी
वहीं वन विकास निगम में पहली बार हो रही वनरक्षकों की सीधी भर्ती के लिए सेंट्रल डायरेक्टरेट मंडी में शारीरिक दक्षता परीक्षा में 1459 बेरोजगारों में से 596 ही मैदान में पहुंच पाए। इसमें से 354 बेरोजगारों ने वन रक्षक बनने की पहली बाधा को पार कर लिखित परीक्षा के लिए पात्रता हासिल कर ली है। सात नवंबर को लिखित परीक्षा का आयोजन किया जाएगा। सेंट्रल डायरेक्टरेट मंडी में वन विकास निगम में वनरक्षकों के पदों के लिए शारीरिक दक्षता परीक्षा को सफलतापूर्वक संपन्न करवाया गया है। 354 बेरोजगारों ने वनरक्षक बनने की पहली बाधा को पार किया है।
-एचवी कथूरिया, डायरेक्टर सेंट्रल वन विकास निगम मंडी।