कुल्लू। उपायुक्त कुल्लू आशुतोष गर्ग ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि लंबित पड़े विकास कार्यों की कारण सहित रिपोर्ट एक सप्ताह के भीतर दी जाए, जिससे अनावश्यक रूप से पड़ी राशि को अन्य विकास कार्यों पर व्यय किया जा सके।
उन्होंने विकास में जन सहयोग योजना की आवश्यकता पर बल दिया। कहा कि योजना का लाभ लेने के लिए अधिक से अधिक लोगों को प्रेरित किया जाए। जिले के हर विकास खंड में दो-दो राजकीय प्राथमिक स्कूलों को आदर्श स्कूल के रूप में विकसित किया जाएगा। स्कूल में स्मार्ट रूम व अन्य सुविधाओं के लिए उपनिदेशक शिक्षा विभाग को जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान डाइट के माध्यम से प्राथमिक तौर पर बजट का प्रावधान करना होगा। स्कूल के लिए सुरक्षा दीवार, शौचालय सहित खेल मैदान के लिए मनरेगा के अंतर्गत बजट का जिला ग्रामीण विकास विभाग की ओर से प्रावधान किया जाएगा। उपायुक्त ने कहा कि जिले में वर्तमान वित्त वर्ष के दौरान मनरेगा के अंतर्गत 17 हजार 30 विकास कार्य शुरू किए गए हैं। 3173.54 लाख रुपये व्यय कर विभिन्न प्रकार के 1802 विकास कार्यों को पूरा किया गया है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 2016-17 से लेकर अभी तक कुल 392 आवास बनाने का लक्ष्य रखा गया था, जिसमें से 375 घरों को स्वीकृति प्रदान कर 254 घरों का निर्माण कार्य पूर्ण कर लिया गया है। 121 घरों का कार्य प्रगति पर है। इसी प्रकार मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत वर्ष 2020-21 में 38 मामले स्वीकृत कर 19 घरों के निर्माण कार्यों को पूरा किया गया तथा 19 का कार्य प्रगति पर है। इस मौके पर अतिरिक्त उपायुक्त शिवम प्रताप सिंह, परियोजना अधिकारी डीआरडीए सुरजीत ठाकुर, विकास खंड अधिकारी कुल्लू जयवंती ठाकुर, बीडीओ मुकेश कुमार, गोपी चंद पाठक, केहर सिंह ठाकुर, राजेंद्र नेगी भी मौजूद रहे।