संवाद न्यूज एजेंसी
केलांग (लाहौल-स्पीति)। जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति के बिलिंग नाले में अठखेलियां करने उतरे सैलानियों से पुलिस ने पांच हजार रुपये जुर्माना वसूला है। यह कार्रवाई लाहौल-स्पीति पुलिस ने नियम के उल्लंघन पर की है, जिसकी स्थानीय लोगों ने सराहना की।
नाले के किनारे जिला प्रशासन की ओर से सूचना बोर्ड स्थापित करने के बाद भी सैलानी बिलिंग नाले में उतरे थे। हालांकि पुलिस ने मामला दर्ज नहीं किया, लेकिन जुर्माना राशि वसूली है। लाहौल-स्पीति के बिलिंग नाले में बुधवार को सैलानी नाले के तेज बहाव के पास मस्ती करने के लिए उतर गए। इसकी सूचना किसी व्यक्ति ने फोन के माध्यम से पुलिस को दी। केलांग पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर सैलानियों से जुर्माने के तौर पर पांच हजार की राशि वसूली। बता दें कि देश-विदेश के सैकड़ों सैलानी कुल्लू, मनाली और लाहौल-स्पीति की वादियों को निहारने के लिए पहुंच रहे है, लेकिन अपनी जान को जोखिम में डालकर नदी व नालों में मस्ती करने के लिए उतर रहे हैं। हालांकि जिला प्रशासन की ओर से ऐसे संवेदनशील स्थानों पर साइन बोर्ड स्थापित किए है। इसके बावजूद सैलानी मानने का नाम नहीं ले रहे। लाहौल-स्पीति के पुलिस अधीक्षक मानव वर्मा ने बताया कि नियम के उल्लंघन पर पांच हजार की राशि वसूली गई है। उन्होंने सभी सैलानियों से नदी-नाले किनारे न जाने का आग्रह किया है।