संवाद न्यूज एजेंसी
मनाली (कुल्लू)। पर्यटन नगरी मनाली में बुधवार को सैर-सपाटे के लिए पहुंचे पर्यटक घंटों तक जाम में फंसे रहे। रांगड़ी से लेकर फोरलेन के नए पुल तक वाहनों की लाइनें लग गईं। दरअसल मनाली अस्पताल के समीप मैदान में निरंकारी संत समागम का आयोजन था।
सतगुरु माता सुदीक्षा महाराज मुख्य रूप से पहुंची थीं। सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस ने वाहनों को अस्पताल मार्ग की ओर जाने से रोक दिया। इसके लिए आईबैक्स चौक और वोल्वो बस स्टैंड के समीप बैरिकेड्स लगाकर नाकेबंदी की गई थी। वाहनों को इस ओर जाने की अनुमति न मिलने से फोरलेन पर वाहनों की लंबी लाइनें लग गईं। इससे पर्यटक और स्थानीय लोग घंटों तक जाम में फंसे रहे।
गौरतलब है कि बुधवार को मनाली में निरंकारी संत समागम का कार्यक्रम था। सुदाक्षी महाराज हिडिंबा मंदिर मार्ग पर एक होटल में ठहरी थीं। लिहाजा इस मार्ग पर सुबह के समय यातायात रोक दिया गया। सुबह लगभग डेढ़ घंटे तक मनाली बाजार से वाहनों को हिडिंबा मंदिर की ओर जाने की अनुमति नहीं दी गई। सिविल अस्पताल की ओर जाने वाले मार्ग पर भी यातायात बंद कर दिया गया था। हालांकि आपातकालीन स्थिति में लोगों को जाने दिया गया।
वीआईवी मूवमेंट के कारण सुरक्षा के ठोस प्रबंध किए गए थे। जगह-जगह पुलिस जवान तैनात थे। वोल्वो बस स्टैंड से सिविल अस्पताल की ओर मुड़ने वाले रास्ते, बस स्टैंड के समीप और फोरलेन पुल के समीप पुलिस तैनात रही। यहां से वाहनों को बाजार के भीतर की ओर जाने की अनुमति नहीं दी गई। बताया जा रहा है कि जाम की यह स्थिति ओल्ड मनाली की ओर भी देखने को मिली। लोगों का कहना है कि इस तरह की वीआईपी मूवमेंट होने पर प्रशासन को पहले ही सूचना देनी चाहिए कि कब से कब तक यातायात किस मार्ग पर बंद रहेगा। स्थानीय निवासी गुड्डू, वेद राम और संजय ने बताया कि वह जरूरी कार्य से बाजार की ओर जाने वाले थे, लेकिन उन्हें फोरलेन से सीधा वोल्वो बस स्टैंड की ओर जाने के लिए कहा गया। वोल्वो बस स्टैंड से भी सिविल अस्पताल की ओर जाने की अनुमति नहीं दी गई। उधर, पुलिस उपाधीक्षक मनाली हेमराज ने बताया कि सुरक्षा की दृष्टि से कुछ देर के लिए यातायात रोक दिया गया था। इसके बाद सामान्य रूप से यातायात सुचारु किया गया।