कुल्लू। कुल्लू-मनाली वामतट सड़क के छरूड़ू में अब पहाड़ी दरकने का डर नहीं सताएगा। सड़क पर स्लैब कलवर्ट का निर्माण किया जाएगा। इस पर करीब 56 लाख रुपये का बजट खर्च किया जाएगा।
लोनिवि ने स्लैब कलवर्ट का कार्य आरंभ कर दिया है। निर्माण कार्य के दौरान यातायात सुचारु रखने के लिए 30 मीटर लंबी बाईपास सड़क बनाई गई है। इसके चलते वाहनों को निर्माण के समय रुकना नहीं पड़ेगा। इसके अलावा स्लैब कलवर्ट के कार्य में भी बाधा उत्पन्न नहीं होगी। अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा उत्सव से पहले निर्माण कार्य पूरा कर लिया जाएगा, जिससे कुल्लू-मनाली वामतट पर बसे लोगों को सुविधा मिलेगी। हालांकि छरूड़ू में पिछले कई सालों से पहाड़ी दरकने का क्रम जारी है। ऐसे में कई घंटों तक सड़क वाहनों की आवाजाही के लिए बंद हो जाती है। भूस्खलन की चपेट में वाहन भी आ चुके हैं। समस्या का स्थायी समाधान न होने से वामतट में बसे लोगों को परेशान होना पड़ता है। गौरतलब है कि छरूड़ू में बार-बार पहाड़ी दरकने से सड़क संकरी हो गई है। सड़क के एक किनारे पर ब्यास नदी और दूसरी ओर पहाड़ी होने के कारण वैकल्पिक मार्ग बनाना भी संभव नहीं रहा। अब लोनिवि ने समस्या का स्थायी हल निकाला है। 30 मीटर लंबी बाईपास सड़क का निर्माण कर यातायात को बदला गया है। इसके चलते सड़क पर स्लैब कलवर्ट का निर्माण करने में आसानी होगी। स्लैब कलवर्ट बनते ही सड़क को इस स्थान पर पक्का भी किया जाएगा। इस संबंध में लोनिवि के एसडीओ दुष्यंत ने कहा कि कुल्लू-मनाली वामतट सड़क पर छरूड़ू में स्लैब कलवर्ट का निर्माण किया जाएगा। इसके अलावा दो किलोमीटर क्षेत्र में टारिंग कर सड़क को चकाचक किया जाएगा। विभाग ने दशहरा से पूर्व सड़क को दुरुस्त करने का लक्ष्य रखा है।