संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में एसआर लैब बंद होने के दस दिन बाद नई लैब क्रस्ना डायग्नोस्टिक ने सोमवार से काम शुरू कर दिया है। लैब में विभिन्न 233 निशुल्क टेस्ट की सुविधा भी मिलेगी।
अस्पताल की नई लैब में सोमवार को मरीजों के सैंपल लिए गए, इन्हें जांच के लिए मोहाली भेजा गया। यहां से ऑनलाइन रिपोर्ट भेजी जाएगी, जबकि मरीजों को 24 घंटे के बाद उपलब्ध करवाई जाएगी। हालांकि अस्पताल की लैब में पुणे की कंपनी ने अपना आधारभूत ढांचा तैयार कर दिया है, लेकिन सैंपल को जांचने की मशीन अभी तक नहीं पहुंच पाई है। इससे सैंपल को जांच के लिए मोहाली भेजा जा रहा है। यह सभी टेस्ट सुबह 8:00 से शाम 5:00 बजे तक हो रहे हैं।
जिला अस्पताल की लैब के बाहर सोमवार सुबह मरीज टेस्ट करवाने के लिए पहुंच गए। इस दौरान मरीजों ने 10:00 बजे सैंपल देने का इंतजार किया। इसके स्टाफ के आते ही सैंपल देना शुरू कर दिया। लैब के बाहर मरीजों की कतारें लगी। लैब में 233 के अलावा अन्य टेस्ट करवाने के लिए शुल्क देना होगा। मरीज हेमंत ठाकुर, सेसराम, भागा देवी, श्यामला देवी ने बताया कि टेस्ट करने की प्रक्रिया फिर शुरू होने से मरीजों को राहत मिली है। खासकर निजी अस्पतालों में महंगे दाम पर टेस्ट करवाने से छुटकारा मिला है। इससे पैसों की बचत भी हुई है। गौर रहे कि जिला अस्पताल में स्थापित एसआर लैब का टेंडर नियम के अनुसार 21 मई को समाप्त हुआ है। ऐसे में कंपनी ने अपनी सेवाओं को बंद कर दिया था। इसके कारण मरीजों को दस दिन तक पेशान होना पड़ा, जबकि कुछ लोग टेस्ट करवाने के लिए मजबूरी में निजी अस्पताल गए।
शाम तक लिए 100 मरीजों के सैंपल : सुषमा
क्रस्ना डायग्नोस्टिक कंपनी की प्रभारी सुषमा ने बताया कि मरीजों के सैंपल लेने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। सोमवार को शाम 5:00 बजे तक लगभग 100 मरीजों के सैंपल लिए हैं, जिन्हें जांच के लिए मोहाली भेजा गया। उधर, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. नरेश चंद ने बताया कि नई लैब में सैंपल लेने की प्रक्रिया शुरू हुई है।