कुल्लू। हिमाचल प्रदेश के युवा अब आईटी, पूंजीगत सामान और सेवा के क्षेत्र में बाहरी राज्यों में निशुल्क प्रशिक्षण ले सकेंगे। इसके चलते युवा विभिन्न कोर्स कर स्वरोजगार प्राप्त कर सकेंगे। इसके लिए हिमाचल प्रदेश कौशल विकास निगम अल्प अवधि के चार कोर्स करवा रहा है। युवाओं को प्रदेश के बाहर मोहाली और पंजाब के लुधियाना में प्रशिक्षण दिया जाएगा।
निगम ने इसकी सारी औपचारिकताएं पूरी कर ली हैं। बता दें कि यह कोर्स हिमाचल में उपलब्ध नहीं हैं। बाहरी राज्यों में यह कोर्स निशुल्क करवाएं जाएंगे। चयनित युवाओं से किसी प्रकार का प्रशिक्षण शुल्क नहीं लिया जाएगा। इसके लिए निगम की ओर से 15 नवंबर तक ऑनलाइन आवेदन मांगे गए हैं।
गौरतलब है कि पूंजीगत सामान और सेवा के क्षेत्र में कृत्रिम बुद्धिमता तथा कैड इंजीनियरिंग, आईटी में सीएनसी प्रोग्रामिंग और मशीनिंग और वायवीय स्वचलन का प्रशिक्षण पाकर युवा आत्मनिर्भर बन सकेंगे। युवा अपनी रुचि के अनुसार कोर्स का चुनाव कर सकते हैं। इसके लिए उन्हें निगम की वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन करना होगा। तीन माह के आईटी कोर्स के लिए आवेदनकर्ता का स्नातक, बीई, बीटेक, एमएससी, बीसीए में उत्तीर्ण होना अनिवार्य रहेगा, जबकि दो माह के पूंजीगत सामान और सेवा से जुड़े कोर्स के लिए दसवीं पास, आईटीआई का डिप्लोमा और 18 वर्ष का होना आवश्यक रहेगा। कौशल विकास निगम के युवा समन्वय दीपक नेगी ने कहा कि प्रदेश के युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में पहल की गई है। युवाओं को बाहरी राज्यों में चार अलग-अलग कोर्स करवाए जा रहे हैं। कहा कि प्रदेश के युवाओं के लिए आईटी के क्षेत्र में 60 तथा पूंजीगत सामान और सेवा में 50 सीटें उपलब्ध रहेंगी।