सैंज घाटी के अतिदुर्गम गांव शाक्टी के लिए पैदल रास्ते पर खड्ड का पानी आने से राहगीरों को काफी द
न्यूली (कुल्लू)। सैंज घाटी के दुर्गम गांवों शाक्टी और शुगाड़ के ग्रामीणों की परेशानियां कम नहीं हो रही हैं। बारिश होते ही न्यूली खड्ड का जलस्तर बढ़ गया है। सोमवार को खड्ड का पानी शाक्टी-शुगाड़ को जोड़ने वाले पैदल रास्ते तक पहुंच गया। इस कारण दोनों गांवों के ग्रामीणों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों को जान जोखिम में डालकर पानी में उतरकर रास्ते पर चलना पड़ रहा है।
वन विभाग के विश्राम गृह छरूटू के साथ खड्ड का पानी रास्ते पर ही बह रहा है, जिससे आवाजाही में परेशानी आ रही है। हादसे का भी खतरा बना हुआ है। ग्रामीण सोम देव, रोशन लाल, निमत राम, आलम चंद ने कहा कि पिछले दो दिनों से रात के समय क्षेत्र में बारिश हो रही है। रविवार की रात भी बारिश होने से सोमवार की सुबह 04:00 बजे से न्यूली खड्ड का पानी रास्ते पर बह रहा है। इस कारण ग्रामीणों को आवाजाही में परेशानी आ रही है। उन्होंने प्रशासन से रास्ते की मरम्मत कर इसकी ऊंचाई बढ़ाने के लिए डंगा लगाने की मांग की है। संवाद