संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। जिला युवा सेवा एवं खेल विभाग स्वामी विवेकानंद की जयंती को राष्ट्रीय युवा दिवस एवं सप्ताह के रूप में मनाएगा। इसके तहत जिलाभर में 12 से 19 जनवरी तक कार्यक्रम होंगे। इसमें महिला और युवाओं की भागीदारी, युवाओं में नशीले पदार्थों के बढ़ते चलन और पर्यावरण पर जागरूकता, मतदान के प्रति जागरूक किया जाएगा।
जिला खेल अधिकारी कविता ठाकुर ने कहा कि राष्ट्रीय युवा दिवस पर 12 जनवरी को जिला परिषद हाल कुल्लू में स्वामी विवेकानंद को श्रद्धांजलि दी जाएगी। राज्य स्तरीय राष्ट्रीय युवा दिवस हमीरपुर में 19 जनवरी को होगा, जिसके लिए जिले से 12 सदस्यीय के दल का चयन किया जाएगा। उन्होंने सभी युवा संगठन के प्रधानों व युवा स्वयंसेवियों से कार्यक्रमों के लिए 15 वर्ष या इससे अधिक आयु के युवा प्रतिभागियों को भेजने की अपील की है।
उन्होंने बताया कि समूह गान प्रतियोगिता हिमाचल प्रदेश की संस्कृति पर आधारित रहेगी। इसमें अधिकतम प्रतिभागी वाद्य वृंद के साथ पांच से छह युवा भाग ले सकते हैं और इसकी समय सीमा पांच से सात मिनट रहेगी। मुफ्त सुविधाएं क्या जनहित में हैं, विषय पर वाद विवाद प्रतियोगिता होगी। इसका समय पांच मिनट रहेगा। चित्रकला प्रतियोगिता का विषय प्रतियोगिता स्थल पर दिया जाएगा, जिसमें प्रति संस्थान दो प्रतिभागी भाग ले सकते हैं। इसके अलावा हिमाचल को केवल विकास नहीं सतत् विकास की आवश्यकता है पर निबंध लेखन प्रतियोगिता होगी। इसका समय 30 मिनट होगा।