कुल्लू। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय कुल्लू में पुरस्कार वितरण समारोह कार्यक्रम के लिए अनुमति न देने पर एबीवीपी तल्ख हो गई है। परिषद कार्यकर्ताओं को एक से दूसरे सरकारी कार्यालय के चक्कर लगवाए जा रहे हैं। इसके विरोध में शनिवार को छात्र परिषद के कार्यकर्ताओं ने काॅलेज प्राचार्य के कार्यालय का घेराव किया और जमकर नारेबाजी की। छात्र परिषद ने सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता का आयोजन किया है। इसमें बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाना है।
इसके लिए महाविद्यालय कुल्लू में कार्यक्रम करवाने की योजना है, जिसके लिए अनुमति नहीं मिल रही है। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के जिला संयोजक ऋषभ ठाकुर ने कहा कि पिछले कई दिनों से प्राचार्य उनके चक्कर कटवा रहे हैं।
कहा कि कार्यक्रम करवाने के लिए कुल्लू प्रशासन की अनुमति की आवश्यकता होगी। उसके बाद ही महाविद्यालय प्रबंधन विद्यार्थी परिषद को अनुमति देगा। अब परिषद को प्रशासनिक अनुमति मिलने के बाद भी प्राचार्य महाविद्यालय में कार्यक्रम करवाने नहीं दे रहे हैं। कहा कि अनुमति प्रदान नहीं की गई, तो अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद उग्र आंदोलन करेगी। संवाद