कुल्लू में 200 आंगनबाड़ी केंद्र बनेंगे आदर्श
प्रोजेक्ट में बाल विकास विभाग ने शुरू किया काम
45 आंगनबाड़ी केंद्र पहले ही बन चुके हैं आदर्श
नौनिहालों को केंद्रों में मिलेगी बेहतर सुविधाएं
बलदेव राज
कुल्लू। जिला के आंगनबाड़ी केंद्रों में अब पहले से बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। महिला एवं बाल विकास की ओर से कुल्लू जिला के 200 आंगनबाड़ी केंद्रों को आदर्श बनाया जाएगा। दूसरे चरण में इन आंगनबाड़ी केंद्रों को आदर्श बनाने के लिए काम शुरू कर दिया गया है। पहले चरण में 45 आंगनबाड़ी केंद्र पहले ही आदर्श बनाए जा चुके हैं।
मॉडल केंद्रों की तर्ज पर बनाए जाने वाले इन आंगनबाड़ी केंद्रों में कर्मचारियों को भी विशेष दिशा-निर्देशों का पालन करना होगा। आदर्श आंगनबाड़ी केंद्रों में खाना बनाने वाले कर्मचारी को हैड गेयर और दस्ताने प्रदान किए गए हैं। कर्मचारी दस्ताने लगाकर ही खाना पकाएंगी। इसके अलावा एपरेन, झूले, कुर्सियां, खिलौने इसमें उपलब्ध करवाएं जाएंगे। नौनिहालों के लिए शौचालय की सुविधा का भी इसमें प्रावधान रहेगा। विभाग के पास 485 आंगनबाड़ी केंद्र हैं। आदर्श आंगनबाड़ी केंद्र के तहत वही आंगनबाड़ी शामिल किए गए हैं जिनके पास अपने भवन हैं। निजी भवनों में चल रहे आंगनबाड़ी को फिलहाल इस स्कीम से बाहर रखा गया है। जबकि कई आंगनबाड़ी केंद्रों में जगह उपलब्ध होने पर उन्हें भी इसमें लिस्ट में शामिल किया जाएगा।
इस अवसर पर जिला कार्यक्रम अधिकारी वीरेंद्र आर्य ने कहा कि कुल्लू जिला में दूसरे चरण में अब 200 आंगनबाड़ी केंद्रों को आदर्श बनाया जा रहा है। पहले चरण में 45 आंगनबाड़ी केंद्र आदर्श बनाए जा चुके हैं। उन्होंने आदर्श आंगनबाड़ी केंद्रों में नौनिहालों को बेहतर सुविधाएं प्रदान की जाएंगी।