धर्मशाला। हथियारों के लाइसेंस का नवीनीकरण करवाने के लिए अब लोगों को जिला मुख्यालय के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। अब उपमंडल स्तर पर ही लाइसेंस नवीनीकरण के लिए आवश्यक फार्म जमा करवाने की सुविधा दी जाएगी।
उल्लेखनीय है कि विधायक प्राथमिकता की बैठक के दौरान कांगड़ा जिले के विधायकों की ओर से उपमंडल स्तर पर लाइसेंस के नवीनीकरण का मामला उठाया गया था, मुख्यमंत्री के आदेशों पर तुरंत कार्रवाई करते हुए कांगड़ा जिला प्रशासन ने इसी सप्ताह से उपमंडल स्तर पर लाइसेंस नवीनीकरण के लिए प्रक्रिया आरंभ करने के आदेश जारी कर दिए हैं।
एडीएम रोहित राठौर ने बताया कि आत्मरक्षा के हथियारों के लाइसेंस नवीनीकरण के लिए उपमंडल अधिकारियों के ऑनलाइन लॉगिन तैयार कर दिए गए हैं। सात फरवरी से यह सुविधा लाइसेंस धारकों को मिलनी शुरू हो जाएगी। एडीएम ने बताया कि लाइसेंस नवीनीकरण के दस्तावेज अपलोड करने संबंधी प्रशिक्षण कर्मचारियों को दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि लाइसेंस नवीनीकरण के दस्तावेज उपमंडल स्तर पर ही लॉगिन के माध्यम से अपलोड हो जाएंगे और ऑनलाइन ही जिला स्तर पर इसे स्वीकृति भी प्रदान की जाएगी। उन्होंने कहा कि बतौर लाइसेंस जारीकर्ता अथॉरिटी होने के नाते वे स्वयं ही उपमंडल स्तर पर जाकर लाइसेंस नवीनीकरण संबंधी मामलों का निपटारा भी सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने कहा कि जिन लाइसेंसधारकों के खिलाफ आपराधिक मामले हैं, उन्हें जिला स्तर से ही लाइसेंस नवीनीकरण करवाना पड़ेगा। एडीएम रोहित राठौर ने बताया कि इससे पहले उपमंडल स्तर पर फसलों को पशुओं से बचाने के लिए हथियारों के लाइसेंस उपमंडलाधिकारी के माध्यम से जारी किए जाते हैं।