कांगड़ा के जाच्छत में दोपहिया वाहनों के शोरूम में चोरी के दौरान सीसीटीवी फुटेज में कैद हुआ आरोपी
- फोटो : Kangra
जसूर (कांगड़ा)। पुलिस थाना नूरपुर के तहत व्यापारिक कस्बा जसूर व आसपास के क्षेत्र में लंबे समय से चोरियों का सिलसिला जारी है। लेकिन पुलिस प्रशासन आज दिन तक एक भी वारदात को सुलझा नहीं पाया है। ऐसे में कारोबारियों में डर का माहौल है। ताजा घटना में बुधवार रात चोरों ने जसूर के नजदीक जाच्छ स्थित सुधीर आटोमोटिब्स बाइक एजेंसी में सेंधमारी कर हजारों की चोरी कर ली। वहीं दूसरी ओर जसूर के नजदीकी छतरोली मार्केट में भी चोरों ने बुधवार रात को चार दुकानों के ताले तोड़कर हजारों के सामान पर हाथ साफ कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया है।
एजेंसी के मालिक सुधीर महाजन ने बताया कि चोरों ने उनके कारोबारी परिसर से 10 हजार की नकदी, 2 सीसीटीवी कैमरे, दो फोन और चांदी के पांच सिक्कों पर हाथ साफ किया है। बताया जा रहा है कि एजेंसी के एक सीसीटीवी कैमरे में चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले शातिरों की फुटेज भी रिकॉर्ड हुई है। इसमें चोरी का समय सुबह चार बजे के करीब का आ रहा है। देखना यह है कि क्या पुलिस इस फुटेज के चलते शातिर चोरों तक पहुंच पाती है या नहीं।
भय के माहौल में जी रहे लोगों व दुकानदारों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि कस्बा जसूर व आसपास के क्षेत्र में रात्रि पुलिस गश्त बढ़ाई जाए। चोरियों को अंजाम देने वाले शातिरों को जल्द गिरफ्तार किया जाए। थाना प्रभारी नूरपुर कल्याण सिंह ठाकुर ने बताया कि पुलिस जांच में जुटी है और तथ्यों को खंगाला जा रहा है।