धर्मशाला अस्पताल में प्रेसवार्ता करते मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ गुरदर्शन गुप्ता
- फोटो : Kangra
धर्मशाला। जिला कांगड़ा में कोरोना वैक्सीनेशन को रफ्तार देने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने कमर कस ली है। एक सप्ताह में 2.7 लाख युवाओं को वैक्सीन लगाने का लक्ष्य स्वास्थ्य विभाग ने रखा है। 15 अगस्त तक जिले हर पात्र व्यक्तित को कम से कम एक डोज लगाना सुनिश्चित की जाएगी। इसके लिए विभाग ने एक सप्ताह तक विशेष अभियान चलाया जाएगा, जिसमें रोजाना करीब 200 स्वास्थ्य केंद्रों में युवा वर्ग को वैक्सीन की पहली डोज दी जाएगी।
अभियान को सफल बनाने के लिए अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि जिन लोगों को वैक्सीन की पहली डोज नहीं लगी है, वह इस सप्ताह केंद्रों में जाकर अपना टीकाकरण करवाएं। उन्होंने दूसरी डोज लगवाने वाले लोगों से भी अपील की है कि वह भी एक सप्ताह के बाद दूसरा टीका लगवाएं। उन्होंने कहा कि जिन लोगों को क्षेत्र में कोई वैक्सीनेशन केंद्र नहीं है, वह अपने ब्लॉक मेडिकल अधिकारी से संपर्क करें, ताकि उस क्षेत्र में विशेष कैंप लगाया जा सके।
जिले में कुल 12.1 लाख युवा, 9.4 लाख को दी जा चुकी है पहली डोज
धर्मशाला में आयोजित प्रेस वार्ता में सीएमओ डॉ गुरदर्शन गुप्ता ने कहा कि जिला कांगड़ा में करीब 12.1 लाख के करीब युवा हैं, जिनमें से 9.4 लाख युवाओं को वैक्सीन की एक डोज दी जा चुकी है। वहीं 2.7 लाख युवाओं को इस सप्ताह वैक्सीन की पहली डोज दी जाएगी। विशेष कैंप लगाकर लोगों को घर के करीब वैक्सीन लगाई जाएगी। उन्होंने कहा कि जिले में कोरोना संक्रमण के मामले बढ़ना शुरू हो गए हैं, जो चिंता का विषय है। समय पर कोरोना जांच और कोविड-19 के नियमों की पालना से कोरोना की संभावित तीसरी लहर से बचा जा सकता है।