मैराथन दौड़ में हिस्सा लेते देहरा के विधायक होशियार सिंह।
देहरागोपीपुर (कांगड़ा)। राजकीय महाविद्यालय ढलियारा में मंगलवार को रन फॉर यूनिटी कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें स्थानीय विधायक होशियार सिंह ने मुख्य अतिथि के तौर पर शिरकत की। आजादी के 75वें वर्ष के अवसर पर महाविद्यालय ने रन फॉर यूनिटी आयोजित की। इसमें 500 से अधिक विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। इस दौड़ में विधायक भी दौड़े।
विधायक होशियार सिंह, कॉलेज प्रिंसिपल डॉ. प्रमोद पटियाल, वरिष्ठतम प्रोफेसर डॉ. सुल्तान जसवाल, प्रो. सुशील कुमार और प्रो. करण सिंह पठानिया ने भी छात्रों की हौसलाअफजाई के लिए इस दौड़ में हिस्सा लिया। पुरुष वर्ग में रिशंत ने प्रथम, आयुष ने द्वितीय और अंशुल ने तृतीय स्थान हासिल किया।
वहीं, छात्राओं में पप्पू चौधरी ने प्रथम एवं अंकुश शर्मा ने द्वितीय स्थान हासिल किया। इस अवसर पर विधायक ने कहा कि ढलियारा कॉलेज में करोड़ों रुपये की लागत से भवन का निर्माण हो रहा है। उन्होंने कहा कि कॉलेज में एमबीए और एमएससी की कक्षाएं चल रही हैं। इससे ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों को घरद्वार ही उच्च शिक्षा मिलेगी।