धर्मशाला। जिला कांगड़ा में दूसरे दिन भी कोरोना संक्रमण के कारण दो मरीजों की टांडा मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान मौत हो गई है। मृतकों में जयसिंहपुर के पपलाह का 56 वर्षीय व्यक्ति और धर्मशाला की 55 वर्षीय महिला शामिल है। इसके अलावा जिले में मंगलवार को कोरोना के 41 नए मामले सामने आए हैं। वहीं 46 संक्रमित मरीजों ने वायरस को मात दे दी है। इस समय जिला कांगड़ा में कोरोना के एक्टिव केस 353 पहुंच गए हैं।
सीएमओ कांगड़ा डॉ. गुरदर्शन गुप्ता ने बताया कि एक बार फिर कोरोना संक्रमण के मामले बढ़ना शुरू हो गए हैं और लोगों को अब ज्यादा सावधानी बरतने की जरूरत है। उन्होंने बताया कि अभी तक जिले में कोरोना संक्रमण के कुल 49147 मामले सामने आ चुके हैं, जिसमें से 47698 मरीजों ने वायरस से जंग जीत ली है। वहीं 1092 संक्रमितों की मौत हो चुकी है। उपायुक्त डॉ. निपुण जिंदल ने कहा कि सरकार व जिला प्रशासन कोविड संक्रमण से निपटने के लिए पूरी तरह से सतर्क और सजग है।
उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थलों पर भी सामाजिक दूरी की अनुपालना सुनिश्चित करें और मास्क का उपयोग भी किया जाना जरूरी है, तभी कोरोना संक्रमण को फैलने से रोका जा सकता है। वहीं उन्होंने लोगों से अपील की है कि जिन लोगों ने वैक्सीन की पहली डोज नहीं लगवाई है वे समय पर वैक्सीन जरूर लगवाएं।