धर्मशाला। सूबे में कोविड वैक्सीन की दूसरी डोज लगाने का मैसेज न आने से टीकाकरण की रफ्तार धीमी पड़ गई है। टीकाकरण के 84 दिन पूरे होने के बाद लोगों को दूसरी डोज लगाने के लिए मैसेज आता था, लेकिन अब ऐसा न होने की स्थिति में लोगों को अपनी दूसरी डोज लगाने के समय की जानकारी नहीं मिल पा रही है, जिसके चलते दूसरी डोज की रफ्तार कम हुई है।
जानकारी के अनुसार सूबे में कोविड वैक्सीन लगाने के लिए प्रदेश सरकार सहित स्वास्थ्य विभाग ने पूरी तरह से कमर कसी थी और प्रदेश टीकाकरण में नंबर एक पर पहुंचा था, लेकिन प्रदेश में अब दूसरी डोज लगाने की रफ्तार बिलकुल ही कम हो गई है।
इसका एक कारण पहली डोज लगे हुए 84 दिन पूरे होने का मैसेज न आना है। मैसेज न आने के कारण लोग असमंजस में हैं कि उन्हें पहली डोज लगे हुए 84 दिन तो पूरे हो चुके हैं, लेकिन अभी तक दूसरी डोज के टीकाकरण के लिए कोई मैसेज नहीं आया है। ऐसे में वे टीकाकरण सेंटर में कोविड की वैक्सीन लगाने जाएं या न जाएं। क्षेत्र के राकेश, सुरेश, अरविंद, शिल्पा, राहुल आदि का कहना है कि उन्हें पहली डोज लगाए हुए काफी समय हो गया है, लेकिन अब तक उन्हें दूसरी डोज लगाने के लिए मैसेज नहीं आया है। उन्होंने आशंका जाहिर की है कि मैसेज न आने के कारण कहीं उन्हें दूसरी डोज लगाने से स्वास्थ्य केंद्र की ओर से बिना टीकाकरण के ही वापस न भेज दिया जाए। उन्होंने मांग की है कि जिन लोगों को पहली डोज लगे हुए 84 दिन पूरे हो चुके हैं, उन्हें दूसरी डोज लगाने के मैसेज पुन: भेजे जाएं, ताकि वे आश्वस्त हो जाएं कि उन्हें दूसरी डोज का टीका लग सकता है।
कोट्स
-दूसरी डोज लगाने के लिए मैसेज सरकार के पोर्टल से आता था। लेकिन अब यह नहीं आ रहा है। अब स्वास्थ्य विभाग जिन लोगों को पहली डोज लगे हुए 84 दिन बीत चुके हैं, उनसे संपर्क बनाकर, उन्हें दूसरी डोज लगाने के लिए कह रहा है। - डॉ. गुरदर्शन गुप्ता, सीएमओ, कांगड़ा