बैजनाथ (कांगड़ा)। उपमंडल के ठारा गांव में दो युवक और एक युवती को गांव की नशा निवारण कमेटी ने नशे की हालत में पकड़ा। दोनों युवकों और युवती को नशा निवारण कमेटी के सदस्य ने गांव के पंचायत प्रधान के सहयोग से पुलिस थाने पहुंचा दिया। पुलिस ने दोनों युवकों और युवती की काउंसलिंग करने के बाद हिदायतों के साथ उनके घरों को भेज दिया।
नशा निवारण कमेटी के सदस्य सुरेश राणा ने बताया कि ठारा गांव में एक व्यक्ति चिट्टे और अन्य नशीले पदार्थों को बेचने का कार्य करता है। दोनों युवक व युवती पिछले कुछ दिनों से रोजाना गांव में आकर उक्त व्यक्ति से नशीले पदार्थ खरीद रहे थे। बताया जा रहा है कि जब इन दोनों युवकों व युवती को गाड़ी के साथ गांव की नशा निवारण कमेटी के युवकों ने पकड़ा, उस समय यह तीनों नशे की हालत में थे। सुरेश राणा ने बताया कि तीनों को पुलिस के हवाले किया गया। उन्होंने बताया कि पहले पुलिस मामले में कार्रवाई करने में आनाकानी कर रही थी लेकिन बाद में एडवोकेट के आग्रह पर कार्रवाई की गई। उन्होंने बताया कि समाज में नशे की आदत बढ़ रही है और इसके लिए हमने ग्रामीण स्तर पर नशा निवारण कमेटियों का गठन किया है। उधर दूसरी तरफ थाना प्रभारी ओम प्रकाश ठाकुर ने बताया कि दोनों युवकों और युवती को काउंसलिंग के बाद घर भेज दिया गया है। उन्होंने बताया कि नशे का कारोबार करने वाले व्यक्ति के घर पर दस्तक देकर पुलिस ने कार्रवाई की है लेकिन कोई भी आपत्तिजनक सामान नहीं मिला है। उन्होंने बताया कि आने वाले दिनों में इस व्यक्ति पर पूरी नजर रखी जाएगी।