बैजनाथ (कांगड़ा)। पेंशनर वेलफेयर एसोसिएशन बैजनाथ की नई इकाई का गठन करते हुए बमधीर सिंह को प्रधान चुना गया। सुरेश राणा को उपपधान, सुभाष राणा को महासचिव, डॉक्टर सुभाष राणा को कोषाध्यक्ष, धनीराम संख्यान को मुख्य सलाहकार, सरला ठाकुर और गंगाराम को उपप्रधान, जोगिंदर सिंह कपूर को संगठन सचिव और अरविंद शर्मा को प्रेस सचिव बनाया गया।
इससे पहले एसोसिएशन की बैठक जिला अध्यक्ष सुरेश ठाकुर की अध्यक्षता में हुई। बैठक में एसोसिएशन के जिलाभर के एक दर्जन पदाधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में पेंशनरों की समस्याओं पर मंथन किया गया और प्रदेश सरकार के समक्ष मांग पत्र रखा गया।
इस मांग पत्र में 65, 70 और 75 की आयु वाले पेंशनर्स को 5, 10 और 15 प्रतिशत भत्ते को मूल पेंशन में शामिल करने, जेसीसी का गठन जल्द करने, महंगाई भत्ता छह प्रतिशत से बढ़ाकर 11 प्रतिशत करने, हिमाचल प्रदेश में भी पंजाब पे कमीशन की सिफारिशों को जल्द लागू करने, कैशलेस चिकित्सा भत्ता की प्रणाली अपनाने, चिकित्सा निर्धारित भत्ते की रकम चार सौ से बढ़ाकर एक हजार करने, जनवरी 2006 से पहले रिटायर लोगों को केंद्र सरकार की तर्ज पर लाभ देने, पुरानी पेंशन स्कीम को बहाल करने, सबडिवीजन और जिला स्तर पर पेंशनर भवन का निर्माण करने और एलटीसी की सुविधा प्रदान करने की मांग की गई।