कांगड़ा में स्वर्गीय जीएस बाली को श्रद्धांजलि देतीं कैबिनेट मंत्री सरवीण चौधरी।
- फोटो : Kangra
नगरोटा बगवां (कांगड़ा)। कांग्रेस के पूर्व मंत्री जीएस बाली ने 1998 में विधायक बनने के बाद अपने पिछले विधानसभा क्षेत्र नगरोटा बगवां की तस्वीर बदल दी थी। बाली ने नगरोटा बगवां को गांव से शहर में तेजी से बदला था। नगरोटा बगवां के विकास के चर्चे प्रदेश भर में तेजी से होने लगे थे। अल्प कार्यकाल में ही बाली ने नगरोटा बगवां में विकास की इबारत लिखी।
नगरोटा बगवां विधानसभा क्षेत्र में टांडा मेडिकल कॉलेज, राजीव गांधी राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज, घोड़व में वी- फार्मेसी कालेज, नगरोटा और बड़ोह में दो डिग्री कॉलेज बाली ने दिया। सरोतरी और सेराथाना में आईटीआई और कई स्कूलों को स्तरोन्नत करके बाली ने बच्चों को घरद्वार पर शिक्षा उपलब्ध कराई। इसके अलावा विकास के मामले में परिवहन निगम का डिपो व आरएम कार्यालय, उपमंडलाधिकारी (ना.) कार्यालय, तहसील कार्यालय, ओबीसी भवन, वेलफेयर कार्यालय, सिविल अस्पताल और ऐसे अन्य कई बड़े काम भी बाली की फेहरिस्त में शामिल हैं जिनके माध्यम से जीएस बाली ने क्षेत्र की जनता को स्थानीय स्तर पर सुविधाएं प्रदान की हैं। पीजी रिहायश के माध्यम से कई लोगों को स्वरोजगार का मौका भी मिला।
चामुंडा में हो अंतिम संस्कार, बाली की थी यह इच्छा
जीएस बाली की इच्छा थी कि उनकी मृत्यु के पश्चात उनका अंतिम संस्कार श्री चामुंडा नंदीकेश्वर धाम में हो। एक पारिवारिक मित्र ने बताया कि बाली ने अपनी यह इच्छा अपने बेटे रघुवीर सिंह बाली के समक्ष भी जाहिर की थी। ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष मान सिंह ने बताया कि रविवार को पार्थिव देह सुबह 10 से दोपहर 2 बजे तक ओबीसी भवन में दर्शनार्थ एवं श्रद्धांजलि अर्पित करने हेतु ससम्मान रखा जाएगा। तत्पश्चात श्री चामुंडा मंदिर स्थित श्मशानघाट में उनके अंतिम संस्कार हेतु प्रस्थान किया जाएगा।
बसों पर लिखवा दिया था अपना नंबर
कांग्रेस सरकार के समय बाली ऐसे मंत्री थे जिन्होंने एचआरटीसी की बसों पर अपना नाम लिखवा दिया था। वह 24 घंटे लोगों के फोन उठाते थे। बसों में बैठकर यात्री अपनी शिकायतें सीधे बाली को फोन कर बताते थे। बड़े रोड शो और रैलियों का ट्रेंड कांगड़ा जिला में बाली ने शुरू किया था।