दिल्ली में सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी को पुष्प गुच्छे भेंट करते जयराम ठाकुर।
- फोटो : अमर उजाला नेटवर्क
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर बुधवार को नई दिल्ली में सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से शिष्टाचार भेंट कर हिमाचल प्रदेश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में केंद्र सरकार की ओर से चलाए जा रहे विभिन्न प्रोजेक्ट, प्रदेश भर में बिछाए जा रहे टनलों और नेशनल हाईवे के जाल के लिए आभार व्यक्त किया। नेता प्रतिपक्ष ने नितिन गडकरी से जंजैहली-चैलचौक–नगवान समेत प्रदेश के कई सड़कों के चौड़ीकरण और सुधारीकरण करवाने का आग्रह किया।
नेता प्रतिपक्ष के आग्रह पर नितिन गडकरी ने संबंधित सड़कों के लिए सीआईआरएफ के तहत जल्दी से जल्दी काम करवाने का आश्वासन दिया। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में वर्तमान में नेशनल हाईवे से लेकर ग्रामीण क्षेत्र तक की सड़कों के लिए केंद्र सरकार की ओर से भरपूर सहयोग दिया जा रहा है। प्रदेश में जो भी काम चल रहे हैं। सबके सब केंद्र सरकार के सहयोग से ही चल रहे हैं।
मोदी के नौ संकल्प बदलेंगे देश का भविष्य : जयराम
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा है कि नवकार महामंत्र दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से नौ संकल्प का आह्वान किया है। उन्हें पूर्ण विश्वास है कि यह नौ संकल्प व्यक्ति का जीवन और देश का भविष्य बदल कर रख देंगे। वह हिमाचल प्रदेश और देश के सभी लोगों से आग्रह करते हैं कि सभी लोग प्रधानमंत्री के नौ संकल्पों के पालन करने का प्रण लें और मानवता के विकास में अपना सहयोग दें। जयराम ठाकुर ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विज्ञान भवन में नवकार महामंत्र दिवस कार्यक्रम में सहभागिता की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि आज जब इतनी बड़ी संख्या में विश्व भर में एक साथ नवकार महामंत्र का जाप किया है, तो वह चाहते हैं कि वे सब जहां भी बैठे हों, संकल्प लेकर जाएं।