हाईवे-305 पर भूस्खलन के कारण 108 एंबुलेंस करीब डेढ़ घंटे फंसी रही।
- फोटो : अमर उजाला नेटवर्क
एनएच-305 आम लोगों के लिए परेशानी बन गया है। मंगलवार को हाईवे करीब 13 घंटे तक अवरुद्ध रहा। इस कारण हरियाणा के सोनीपत की एक घायल पर्यटक युवती के साथ दो अन्य मरीज भी घंटों तक दर्द से कराहते रहे। दोपहर करीब तीन बजे के आसपास जीभी से एक 32 वर्षीय युवती को उपचार के लिए 108 एंबुलेंस से कुल्लू अस्पताल लाया जा रहा था। युवती को बालीचौकी से कुल्लू रेफर किया गया।
इस दौरान युवती धामन पुल के साथ एक पहाड़ी पर हुए भूस्खलन के चलते 108 एंबुलेंस में फंसी रही। युवती की पीठ पर चोट लगी थी। बताया जा रहा है कि युवती जिभी में जिस होटल में रुकी थी, वहां दोपहर को कमरे में फिसल गई गई और पीठ व कमर में गहरी चोट लग गई। घायल हुई युवती को उनके साथी ने उपचार के लिए एक निजी वाहन से बालीचौकी अस्पताल पहुंचाया। यहां पर प्राथमिक उपचार करने के बाद घायल युवती को 108 एंबुलेंस से कुल्लू रेफर किया गया लेकिन दोपहर बाद 3:15 बजे से लेकर पौने पांच बजे तक उनकी एंबुलेंस धामन के पास हुए भूस्खलन के कारण फंसी रही।
इस दौरान युवती एंबुलेंस में दर्द से करीब डेढ़ घंटे तक कराहती रही। हाईवे खुलने के बाद एंबुलेंस को सबसे पहले जाने दिया गया। युवती के दोस्त प्रवीण ने कहा कि जिभी में होटल के कमरे में उनकी दाेस्त सपना फिसलकर गिर गईं और उनकी पीठ और कमर में चोट लरी। उन्हें कुल्लू रेफर किया गया है। वहीं भूस्खलन से लगे लंबे जाम से एक गर्भवती के साथ एक अन्य महिला मरीज भी अपनी गाड़ियों में दर्द से कराहती रहीं। हालांकि शाम करीब 4:45 बजे हाईवे के खुलने से घायल पर्यटक युवती के साथ अन्य दो महिला मरीजों ने भी राहत की सांस ली।