अब सड़क से जाने वाले श्रद्धालुओं को नहीं लगेंगे हिचकोले
तीन करोड़ की लागत से किया जा रहा अपग्रेडेशन कार्य
सड़क से बाबा बालक नाथ मंदिर जाते हैं देश-विदेश से हजारों श्रद्धालु
संवाद न्यूज एजेंसी
बड़सर (हमीरपुर)। बाबा बालकनाथ मंदिर में जाने के लिए अब श्रद्धालुओं को हिचकोले नहीं खाने पड़ेगे। लोक निर्माण विभाग ने शाहतलाई वाया दियोटसिद्ध सड़क का मरम्मत कार्य शुरू कर दिया है। तीन करोड़ की लागत से सड़क का मरम्मत कार्य पूरा किया जाएगा। इससे देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को आवाजाही में उचित सुविधा मिलेगी। पूर्व में सड़क के खस्ताहाल होने से श्रद्धालुओं को मंदिर में आने जाने में परेशानी होती थी। अब सड़क का मरम्मत कार्य होने से श्रद्धालुओं को आवाजाही में बेहतरीन सुविधा मिलेगी।
चैत्र मेले के दौरान श्रद्धालुओं को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं, लोगों की मांग पर विभाग ने सड़क का मरम्मत कार्य शुरू कर दिया है। 13 किलोमीटर सड़क की टारिंग के साथ निकासी नालियां और पुलियों का निर्माण किया जाएगा ताकि राहगीरों और वाहनों को आवाजाही में सुविधा मिल सके। सड़क का मरम्मत कार्य पूर्ण होने के बाद उपमंडल बड़सर के अंतर्गत आने वाली खस्ताहाल सड़कों का भी मरम्मत कार्य शुरु होगा। इसके लिए विभाग ने रूपरेखा तैयार कर ली है। इस बारे में लोक निर्माण विभाग बड़सर के कनिष्ठ अभियंता सुरेश कुमार ने कहा कि सड़क का मरम्मत कार्य शुरू हो चुका है। इसके लिए तीन करोड़ रुपये का टेंडर आवंटित कर दिया गया है। शीघ्र सड़क का मरम्मत कार्य पूरा होगा।