सुलगवान में चरस तस्करों का पलटा ट्राला।
- फोटो : Hamirpur-HP
जाहू (हमीरपुर)। पुलिस थाना भोरंज के तहत पड़ते सुलगवान कस्बे में पुलिस नाके को तोड़कर ट्राला भगाना युवकों को महंगा पड़ गया। नाके से कुछ ही दूरी पर यह ट्राला पलट गया। वहीं, जब ट्राले की तलाशी ली गई तो उसमें से 755 ग्राम चरस बरामद की गई। ट्राला पलटने से तीनों युवकों को चोटें आई हैं। पुलिस ने तीनों का भोरंज अस्पताल में मेडिकल और उपचार करवाया और मामला दर्जकर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक तीनों रात के अंधेरे में जिला कुल्लू से नशे की खेप ला रहे थे। जिसकी सूचना पुलिस को लग गई। पुलिस के लगाए नाके को देखकर तीनों युवक घबरा गए और चालक ने ट्राला भगा दिया, जो तेजरफ्तारी के कारण सड़क पर ही पलट गया।
पुलिस ने ट्राले में सवार अंकित कुमार पुत्र बालक राम गांव साईं ब्राह्मणा डाकघर डुग्घा तहसील हमीरपुर, अजीत कुमार पुत्र राजेंद्र कुमार गांव व डाकघर खुुथड़ी तहसील भोरंज तथा ललित पुत्र चमनलाल गांव दसमल डाकघर लदरौर जिला हमीरपुर से 755 ग्राम चरस बरामद की। तीनों का उपचार भोरंज अस्पताल में करवाने के बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
थाना प्रभारी छोटा राम ने कहा कि पुलिस ने सुलगवान में पुलिस नाके को तोड़कर ट्राला भगा रहे तीन युवकों से 755 ग्राम चरस बरामद की गई है। तेजरफ्तारी के कारण इनका ट्राला पलट गया। तीनों को चोटें भी आईं हैं। उपचार करवाने के बाद इन्हें गिरफ्तार कर मामला दर्जकर छानबीन की जा रही है।